जिलेभर में तय शेड्यूल के अनुसार खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक कर रही फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया की मोबाइल वैन में खाद्य पदार्थों की जांच कराने में लोग रुचि नहीं दिखा रहे। अब तक लोगों ने मात्र 16 खाद्य पदार्थों की जांच कराई, हालांकि ज्यादातर खाद्य पदार्थ तय मानकों पर खरे उतरे, लेकिन दूध में पानी की मिलावट मिली है।
दरअसल, एफएसएसएआई की मोबाइल वैन द्वारा एक 31 अगस्त तक तय शेड्यूल के अनुसार जिलेभर में खाद्य सामग्री की जांच करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. संदीप कादियान का कहना है कि शेड्यूल के अनुसार मोबाइल वैन ने कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पताल, सेक्टर-3, सेक्टर-7, थर्ड गेट, थानेसर बाजार, झांसा रोड सहित मथाना मार्केट में खाद्य पदार्थों के बारे में जागरूक किया और शहद, दूध, देसी घी, फिरनी, घेवर, फल, पानी, बेसन के लड्डू और दही के करीब 15-16 खाद्य सामग्री की जांच की है। बताया कि कोई भी व्यक्ति 20 रुपये देकर खाद्य सामग्री की जांच करा सकता है। 20 मिनट तक रिपोर्ट सौंपी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन लोग खाद्य पदार्थों की जांच बेहद कम करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त तक लाडवा क्षेत्र में मोबाइल वैन लोगों को जागरूक करेगी। इसके अलावा 10, 11 व 25 अगस्त को बाबैन, 12, 13 व 26 अगस्त को शाहाबाद, 14, 15, 16 व 27 अगस्त को इस्माईलाबाद, 17,18 व 28 अगस्त को पिहोवा, 19 व 20 अगस्त को झांसा, 21 अगस्त को मथाना, 23 व 24 अगस्त को लाडवा और 31 अगस्त को एलएनजेपी अस्पताल में मोबाइल वैन टीम उपस्थित रहेगी।