इस्माईलाबाद। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए बंद किए गए रास्तों को अब धीरे-धीरे खोला जा रहा है, जिसके चलते आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। कुम्हार माजरा में पंजाब सीमा पर बने बॉर्डर का रास्ता पिछले लंबे समय से बंद था। इस रास्ते से किसानों के काफिले की कोई गतिविधि दिखाई न देने व लोगों की समस्या को देखते हुए छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया गया है। जिससे लोगों ने काफी राहत की सांस ली है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रांत ने बताया कि रास्ते को छोटी गाड़ियों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर अर्ध सैनिक बल व पुलिस तैनात है। जिनकी नजर बॉर्डर से आने जाने वाले वाहनों पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी शरारती तत्व को प्रदेश का माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा। पुलिस की नजर प्रत्येक वाहन पर बनी हुई है।
पिछले करीब एक महीने से पंजाब सीमा से प्रदेश में दाखिल होने वाला रास्ता बंद होने से आसपास के गांवों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर पंजाब के वे लोग जिनकी दुकानें शहर में है और उन्हें प्रतिदिन शहर में कई गांवों में से घूमकर फिर शहर में आना पड़ता था। वहीं उन्हें रात्रि के समय घर जाने में भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। जिससे उनका काफी आर्थिक नुकसान होने के साथ दुकानदारी भी प्रभावित हो रही थी। ऐसे में कुम्हार माजरा बॉर्डर का रास्ता छोटे वाहनों के लिए खुलने से आम जनता ने राहत की सांस ली है।