कुरुक्षेत्र। राजस्व विभाग सबसे अहम और महत्वपूर्ण विभाग है। इस विभाग की गरिमा को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। इस गरिमा को बनाए रखने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मेहनत और लग्न के साथ काम करना होगा। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जमा बंदियों और निशानदेही के साथ-साथ अन्य लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करें, ताकि कोई भी मामला लंबित ना रहे।
उक्त विचार उपायुक्त सुशील सारवान ने व्यक्त किए। वे सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर के तहत राजस्व विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविरों में अब तक जो भी शिकायतें लंबित पड़ी हैं, उन शिकायतों का भी तुरंत समाधान करना सुनिश्चित किया जाए।
इस विषय को सभी अधिकारी गंभीरता से लें और व्यक्तिगत रुचि लेकर लंबित समस्याओं का समाधान किया जाए। इन समाधान शिविरों में लोगों की तमाम समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना आवश्यक है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में नियमित रूप से लोगों की राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित करें।
सभी अधिकारी जमाबंदी, इंतकाल, निशानदेही के मामलों का तुरंत समाधान करें। इस मौके पर नगराधीश डाॅ. रमन गुप्ता, डीएसपी ओमप्रकाश, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, डीएफएससी सुरेंद्र सैनी, डाॅ. कृष्ण कुमार, नायब तहसीलदार परमजीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरजीत कौर, डीएम क्रिड मेनका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद