पिहोवा। वार्ड सात के रहने वाले धीरज की लेबनान में मौत हो गई। करीब 26 वर्षीय धीरज लेबनान में एक प्लाइवुड फैक्टरी में मजदूरी करते थे। इस दौरान प्लाइयों के नीचे दबने से उनकी मौत हुई है और घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इससे परिवार में मातम पसर गया है।
परिजनों के अनुसार धीरज तीन बहनों के इकलौते भाई थे। वे करीब एक साल पहले ही लेबनान गए थे। अब उनके सामने उनका शव लाने की चिंता खड़ी हो गई है। इसके लिए परिजनों ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है।
धीरज के पिता पवन कुमार कैथल रोड पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का गुजर बसर करते हैं। उन्होंने बताया कि धीरज बीका वैली में रहता था और पिछले साल 19 फरवरी को वर्क वीजा पर लेबनान गया था। करीब एक माह पहले ही वह इस फैक्टरी में काम करने लगा था और दूसरी फैक्टरी में चौकीदारी का काम करता था।
पवन कुमार के मुताबिक पास के ही गांव के एक व्यक्ति ने उनको 23 जनवरी को बेटे की मौत की सूचना दी। हालांकि उनकी मौत 21 जनवरी को हो गई थी। साथ ही उस व्यक्ति ने धीरज से उसकी बेटी के साथ शादी होने का दावा किया। उनके पास 29 अगस्त 2023 को शादी करने का मैरिज सर्टिफिकेट भी है, जो पिहोवा तहसील से रजिस्टर है। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि उस युवती ने फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर शादी पंजीकृत करवाई, जबकि उसके बेटे के पासपोर्ट पर किसी लड़की का नाम नहीं है। उन्हाेंने इस संबंध में पुलिस को भी शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को धीरज का जन्मदिन था लेकिन यह मनाने से पहले ही मौत का पता चला।