कुरुक्षेत्र। हरियाणा क्रिकेट संघ की ओर से पटौदी ट्रॉफी टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है, 17 जून से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मैच होंगे। युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से दर्शकों को रोमांचित करेंगे। किक्रेट कोच दिनेश कुमार ने बताया कि कुरुक्षेत्र क्रिकेट एसोसिएशन को मेजबानी का सौभाग्य मिला है। मैच के लिए विद्यार्थी और युवा खिलाड़ी रिहर्सल में व्यस्त हैं। दो मैच की मेजबानी मिली है। पहला मैच 18 जून को होगा, जिसमें कुरुक्षेत्र व यमुनानगर की टीम आमने-सामने होगी तथा दूसरा मैच 23 जून को अंबाला बनाम कुरुक्षेत्र के बीच एसकेएस गुरुकुल किरमिच में होगा।
उन्होंने बताया कि ग्रुप ए में कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला की टीम प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। गत वर्ष कुरुक्षेत्र की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रनरअप रही थी और इस बार वह ट्रॉफी अपनी झोली में डालने को बेताब है। संघ की ओर से टूर्नामेंट की तैयारी की जा रही हैं तो वहीं खिलाड़ी भी रिहर्सल में जुटे हुए हैं।