कुरुक्षेत्र। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित पटौदी ट्रॉफी टूर्नामेंट का आयोजन सोमवार को एसकेएस गुरुकुल किरमिच में हुआ। टूर्नामेंट कुरुक्षेत्र और अंबाला की टीम के बीच खेला गया, जिसमें कुरुक्षेत्र की टीम ने 165 रनों से अंबाला की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। क्रिकेट कोच दिनेश कुमार ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए कुरुक्षेत्र की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 370 रन बनाए।
इस स्कोर की नींव बल्लेबाज रोहित कुमार ने रखी। जिन्होंने महज 129 गेंदों में 145 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, उनके साथ निर्मन जुनेजा ने 70 (64 गेंद) रन बनाए। मध्यक्रम में भारत यादव (51 रन, 48 गेंद) और महिम मलिक (45 रन, 16 गेंद) ने तेजी से रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
371 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंबाला की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि प्रभजोत, सुरिंदर सिंह और देवांश ने 44-44 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन वे लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सके। हर्षित शर्मा ने भी 35 रन का योगदान दिया। अंतत: अंबाला की पूरी टीम 39.5 ओवर में 205/9 पर ही सिमट गई। कोच ने बताया कि कुरुक्षेत्र की गेंदबाजी भी काबिल-ए-तारीफ रही। भारत यादव ने नौ ओवर में चार विकेट लेकर विपक्ष की कमर तोड़ दी। अर्जुन यादव ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। विश्वास सरोहा और आदित्य शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।