कुरुक्षेत्र। किसान आंदोलन का असर नौवें दिन भी जारी रहा, जिसके चलते 14 से ज्यादा रेलगाड़ियां प्रभावित रहीं। इससे यात्रियों को जहां भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं तो वहीं विभाग को भी अब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है। रेलवे स्टेशन पर घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों को मजबूर होकर दूसरे वाहनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। परेशानी झेल रहे यात्रियों को अब किसान आंदोलन खत्म होने का इंतजार है। पंजाब सहित चंडीगढ़ को जाने वाले नौकरीपेशा यात्री रेलगाड़ियों के समय न पहुंच पाने के चलते भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। पंजाब और चंडीगढ़ के लिए सफर करने पर ज्यादा समय लगना अब यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्टेशन पर पहुंचे यात्री घंटों रेलगाड़ी का इंतजार करते नजर आते हैं।
समय पर ड्यूटी नहीं पहुंच पा रहे : मुकेश कुमार
यात्री मुकेश कुमार का कहना है कि चंडीगढ़ के लिए सफर करने पर अब रेलगाड़ी से चार से पांच घंटे लग रहे हैं। जयपुर से चंडीगढ़ को जाने वाली रेलगाड़ी सुबह जल्दी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है, लेकिन अंबाला के बाद सिग्नल न मिलने के चलते घंटों रेलवे ट्रैक पर खड़ी हो जाती है, जिसके चलते नौकरी पेशा यात्री समय पर अपने संस्थानों में ड्यूटी पर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
यह रेलगाड़ियां रद्द रहीं (अप-डाउन)
रेलगाड़ी-नाम
12459 -नई दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस
12460-अमृतसर-नई दिल्ली एक्सप्रेस
12497-शान ए पंजाब
12498-शान ए पंजाब
14507-फज्लिका इंटरसिटी एक्सप्रेस
14508-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
14033-जम्मू मेल एक्सप्रेस
14034-जम्मू मेल एक्सप्रेस
22429-दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस
22430-पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस
इन रेलगाड़ियों के रूट रहे डायवर्ट (अप-डाउन)
ट्रेन संख्या-नाम
11077-झेलम एक्सप्रेस
11078-झेलम एक्सप्रेस
12920-मालवा एक्सप्रेस
12919-मालवा एक्सप्रेस
11057-अमृतसर एक्सप्रेस
11058-अमृतसर मुंबई एक्सप्रेस
15707-आम्रपाल एक्सप्रेस
किसान आंदोलन का पड़ रहा असर : मीणा
स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा का कहना है कि किसान आंदोलन के चलते रेल यातायात प्रभावित है। कई रेलगाड़ियां रद्द हैं तो कई रेलगाड़ियों के रूट भी बदले गए हैं। पंजाब को जाने के लिए चंडीगढ़-अंबाला रूट का सहारा लिया जा रहा है।