पिहोवा। संस्था संचालित एक निजी स्कूल द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में बच्चों से स्कूल डायरी देने के बदले सौ रुपये की राशि वसूली जाने का मामला सामने आया था, जिसमें बच्चों के अभिभावकों द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया था। लेकिन जब यह मामला जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में आया तो स्कूल को यह अवैध वसूली राशि वापस लौटाने का सख्त आदेश मिला। मामला यह था कि कस्बे के एक निजी स्कूल द्वारा बच्चों को स्कूल डायरी दिये जाने के बदले 100 रुपये की राशि वसूली गई थी, जिसके बारे में अभिभावकों द्वारा स्कूल प्रिंसीपल को गत 29 अप्रैल को अवगत कराया गया था। स्कूल प्रिंसीपल ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद 30 अप्रैल को यह मामला मेल के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी के पास पहुंचा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को इस मामले की जांच के आदेश दिए। जांच के बाद यह पाया गया कि उक्त स्कूल द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से बच्चों से स्कूल डायरी के नाम पर 100 रुपये लिए गए थे। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी गई। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उक्त स्कूल को अवैध रूप से वसूली गई 100 रुपये की राशि स्कूल के बच्चों को वापस करने का आदेश दिया। यही नहीं राशि वापस लौटाने के बाद इसकी एक रिपोर्ट 20 मई को जिला शिक्षा अधिकारी के पास प्रेषित करना सुनिश्चित किया गया। वहीं, अभिभावकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर स्कूल द्वारा वसूली गई राशि नहीं लौटाई जाती है तो इसके खिलाफ पुन: शिकायत दर्ज कराई जाएगी।