संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद/ पिहोवा। जिला की पंजाब से लगती सीमाओं पर शनिवार को भी कड़ी पहरेदारी रही, जहां पुलिस से लेकर अर्ध सैनिक बलों के जवान पूरी तरह से मुस्तैद रहे। जिला के पिहोवा क्षेत्र में गांव टयूकर व इस्माईलाबाद के गांव कुम्हार माजरा के पास पंजाब सीमाएं पूरी तरह से सील रही तो वहीं शाहाबाद में नेशनल हाईवे भी मारकंडा नदी पर बंद रहा।
हालांकि इन जगहों पर किसानों की ओर से कोई विशेष गतिविधि नहीं की गई, लेकिन किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए सभी जगहों पर बंदोबस्त और कड़े किए जाते रहे। तीनों ही जगह पांच से छह स्तरीय नाकेबंदी के साथ-साथ पुलिस व अर्ध सैनिक बलों के जवान भी पुख्ता प्रबंधों के साथ तैनात रहे।
पिहोवा के ट्यूकर बार्डर पर तैनात जवान उस समय और भी अलर्ट हो गए जब पंजाब की ओर कुछ किसान नारेबाजी करने लगे। हालांकि कुछ देर तक ये किसान प्रदर्शन कर शांतिपूर्वक लौट गए, लेकिन जवानों की निगाहें उनकी हर गतिविधि पर टिकी रही। उधर नेशनल हाईवे व अन्य मुख्य रास्ते बंद होने के चलते राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
कई जगहों पर उन्हें जाम का भी सामना करना पड़ा। एसपी एसएस भौरिया का कहना है कि रास्ते खुलने तक राहगीरों को जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करना चाहिए। इससे राहगीर परेशानी से बच सकते हैं। पुलिस हर संभव प्रयास में हैं कि राहगीरों को किसी तरह से न भटकना पड़े।
डायवर्ट किए गए रूट
- पंचकूला-अंबाला से आने वाले वाहन वाया बराडा-दोसडका रोड से शाहबाद से एनएच-44 से कुरुक्षेत्र-करनाल के रास्ते दिल्ली की तरफ जा सकते हैं ।
- करनाल से आने वाले वाहन वाया कुरुक्षेत्र-शाहाबाद होते हुए बराडा रोड से पंचकूला-चंडीगढ़ की तरफ जा सकते हैं।
- लाडवा यमुनानगर की तरफ जाने वाले वाहन पीपली चौक से मथाना के रास्ते लाडवा-यमुनानगर की तरफ जा सकते हैं ।
- एनएच-152 व 152-डी से अंबाला की तरफ जाने वाले वाहन पिहोवा-ईस्माईलाबाद से होते हुए वाया सैनी माजरा टोल प्लाजा, मानव चौक से होते हुए अंबाला की तरफ जा सकते हैं तथा भारी वाहन एनएच-152 व 152-डी से अंबाला मार्ग से नीचे उतरकर ज्योतिसर से ढांड रोड से दयालपुर व मिर्जापुर से जा सकते हैं ।
- एनएच-152 व 152-डी से कुरुक्षेत्र की तरफ आने वाले वाहन पिहोवा व ढांड रोड से शहर कुरुक्षेत्र की तरफ आ सकते हैं।
- कुरुक्षेत्र से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन वाया 100 फुटा रोड से होते हुए एनएच-44 से दिल्ली जा सकते हैं ।