कुरुक्षेत्र। पानीपत रिफाइनरी के श्रमिकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सीटू, सर्व कर्मचारी संघ, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, किसान सभा ने भी उन्हें समर्थन दिया। सीटू जिला सहसंयोजक अनिल कुमार ने बताया कि वे 23 फरवरी से हड़ताल पर हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा। मजदूर दमन के खिलाफ और वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। श्रमिकों के शोषण के विरोध में 2 मार्च को राज्यभर में प्रदर्शन किया था।
इस दाैरान उन्होंने पानीपत रिफाइनरी के आंदोलनरत ठेका मजदूरों की वेतन बढ़ोतरी समेत तमाम कानूनी मांगों का सम्मानजनक तरीके से निपटारा, त्रिपक्षीय समझौता, आठ घंटे की ड्यूटी का सख्त पालन, ओवरटाइम का डबल वेतन, वेतन का भुगतान प्रत्येक माह की सात तारीख तक खाते में भुगतान की मांग उठाई।
इसके अलावा पीएफ ईएसआई समेत तमाम श्रम कानून की सख्ती से पालन, उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई, वर्कसाइट पर कैंटीन, शौचालय, विश्राम कक्ष सहित तमाम सुविधाएं मुहैया कराने, मजदूरों के खिलाफ दर्ज एफआईआर तुरंत रद्द करने तथा मजदूरों एवं उनके समर्थन में आए लोगों को तुरंत रिहा किए जाने की मुख्य मांगें शामिल रही। इस माैके पर सहसंयोजक सुनील रत्न, सचिव सर्व कर्मचारी संघ संदीप नरवाल, जिला प्रधान रिटायर्ड कर्मचारी संघ ओमप्रकाश, जिला सचिव अखिल भारतीय किसान सभा रोशन लाल, रिटायर्ड कर्मचारी भीम सिंह सैनी, जिला प्रधान आशा वर्कर्स यूनियन मनजीत कौर, आशा वर्कर रितु माैजूद रहीं। संवाद