पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लग गई है। कुरुक्षेत्र जिले की 394 में से 393 गांवों में पंचायतें चुनी जाएंगी।
यह चुनाव तीन चरणों में हाेंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि चुनाव के लिए सभी तैयारियां पहले ही कर ली गई हैं। जिले के छह ब्लॉकों में होने वाले चुनावों में करीब 4 लाख 93 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन ने कुल 920 बूथ बनाए हैं।
इन बूथों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों का भी चयन कर लिया गया है। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा। मतगणना 21 अक्तूबर को होगी।
लंबे समय से पंचायत चुनावों की घोषणा का इंतजार कर रहे लोगों को मंगलवार को राहत मिली। पंचायतों, ब्लॉक समिति और जिला परिषद का कार्यकाल 25 जुलाई को ही समाप्त हो गया था।
उसके बाद से सभी पंचायतों और जिला परिषद पर जिला प्रशासन ने प्रशासक नियुक्त कर दिए थे। जिले में कुल 419 गांव हैं। इनमें 394 पंचायतें हैं। इनमें से 393 गांवों की पंचायतों के लिए चुनाव हाेंगे। इस चुनाव में 3366 पंचायत सदस्य और 393 सरपंच चुने जाएंगे। लाडवा ब्लॉक के गांव समालखा में अभी चुनाव नहीं हाेंगे, क्योंकि वहां की पंचायत का टर्म अभी शेष है।
जिले में होंगे तीन चरणों में चुनाव
राज्य चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार कुरुक्षेत्र जिले में छह ब्लॉक को तीन चरणों में बांटा गया है। चार अक्तूबर को पहले चरण में थानेसर और पिहोवा ब्लाक के चुनाव कराए जाएंगे।
इसके बाद 11 अक्तूबर को दूसरे चरण में इस्माइलाबाद और शाहाबाद ब्लॉक, जबकि तीसरे चरण में 18 अक्तूबर को लाडवा और बाबैन ब्लॉक में मतदान होगा।
चार अक्तूबर को यहां होगा मतदान
ब्लाक का नाम पंचायत बूथों की संख्य संवेदनशील अतिसंवेदनशील मतदाता संख्या
थानेसर 101 223 61 25 147756
पिहोवा 67 189 57 57 95928
दूसरे चरण में 11 अक्तूबर को होगा मतदान
इस्माइलाबाद 42 128 19 09 60706
शाहाबाद 75 154 65 13 81573
तीसरे चरण में 18 अक्तूबर को होगा मतदान
लाडवा 64 136 15 08 61382
बाबैन 45 90 13 10 45795
जिला में पंचायती चुनावों को लेकर विभाग द्वारा सभी तरह की तैयारियां कर ली गई हैं। जिले में 394 पंचायतों के लिए चुनाव आयोजित किए जाएंगे। चुनाव के लिए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की भी सूची तैयार कर ली गई है। सभी केंद्रों पर शांति पूर्वक चुनाव कराए जाएंगे।
कपिल शर्मा, डीडीपीओ, कुरुक्षेत्र।