कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार की तरफ से गीता स्थली ज्योतिसर को विश्व का एक सुंदर पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से ज्योतिसर अनुभव केंद्र तैयार किया है। ज्योतिसर अनुभव केंद्र के परिसर में अब भव्य पंचजन्य स्मारक बनाया जाएगा। इस स्मारक पर भव्य शंख स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब दो करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को इस पंचजन्य स्मारक का उद्घाटन भी कर सकते हैं।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने मंगलवार को ज्योतिसर अनुभव केंद्र में केडीबी व प्रशासन की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और पंचजन्य स्मारक के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि इस पंचजन्य स्मारक का निर्माण ज्योतिसर अनुभव केंद्र के बाहर परिसर में किया जाएगा। इसका डिजाइन तैयार कर लिया गया है और इस डिजाइन के अनुसार इस पर एक भव्य शंख भी स्थापित किया जाएगा। इस स्मारक को भव्य और सुंदर बनाया जाएगा ताकि विश्व के कोने-कोने से आने वाले पर्यटक ज्योतिसर अनुभव केंद्र में प्रवेश करने से पहले इस भव्य स्मारक के दर्शन कर सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज्योतिसर अनुभव केंद्र का अवलोकन भी कर सकते हैं। अनुभव केंद्र में पूरे जोर शोर के साथ तैयारियां चल रही है। इतना ही नहीं अभी हाल में ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ज्योतिसर अनुभव केंद्र का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया था।