कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर मेरी माटी- मेरा देश अभियान का आगाज पुलिस लाइन व थाने में पंच प्रण बोर्ड लगाकर किया। पुलिस उप-अधीक्षक मुख्यालय सुभाष चंद ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर मेरी माटी-मेरा देश अभियान का आगाज किया गया है। इस अभियान के तहत सभी थाने व पुलिस लाइन में पंच प्रण शपथ लिखे साइन बोर्ड लगाए गए।
इस अभियान के तहत शहीदों की याद में अभिनंदन समारोह आयोजित कर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि हम सबको एक साथ जोड़ने का कार्य करती है। इस अभियान के तहत सभी अपने देश की मिट्टी और वीरों को नमन व वंदन कर रहे हैं। इस अभियान में पंच प्रण की शपथ पांच लक्ष्यों को प्रण के रूप में तय किया गया है। इसके अंतर्गत विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता तथा नागरिकों में कर्तव्य की भावना को लक्षित किया है। इस अभियान से जिला पुलिस भी जुड़ रही है। विभिन्न कार्यक्रम के माध्यम से अभियान को सफल बनाया जाएगा।