कुरुक्षेत्र/लाडवा। पिछले एक सप्ताह के दौरान दो बार हुई झमाझम बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। जिसके साथ ही धान रोपाई के कार्य में भी तेजी आई है। किसान दिन-रात खेतों को तैयार करने में जुटे हैं तो वहीं सीजन को देख मजदूरों में भी उत्साह बना हुआ है।
प्रशासन ने 15 जून तक धान रोपाई पर पाबंदी लगाई हुई थी, जिसके बाद मौसम ने भी किसानों का साथ दिया। पहले 19 जून तो फिर छह दिन बाद रविवार को जोरदार बारिश हुई, जिससे खेत भी पानी से लबालब हो गए। इससे पहले किसान बारिश होने की इंतजार में थे और उन्हें लगने लगा था कि बारिश नहीं हुई तो धान रोपाई लेट होगी,जिससे उत्पादकता पर भी असर पड़ेगा, लेकिन मौसम में आए बदलाव ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है। अभी तक करीब 30 फीसदी तक धान रोपाई की जा चुकी है।किसान अनिल कुमार, सतबीर पंजेटा, राजेश सैनी, मुख्तयार सिंह, नफे सिंह, धर्मबीर, चंद्रपाल आदि का कहना है कि बारिश होने से बड़ी राहत मिली है। धान रोपाई के लिए खेत तैयार करने में आसानी हुई है तो वहीं बिजली की भी बचत हुई है। अब मानसून आने के साथ ही धान की फसल में फायदा मिलेगा। उधर अगले तीन से चार दिन तक बारिश का मौसम रहने की संभावना जताई जा रही है।