कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के अर्जुन चौक के पास लगाई गई अस्थाई अनाजमंडी से धान का उठान करते मजदूर
कुरुक्षेत्र। जिले की अनाज मंडियों में धान की आवक जारी है। शुक्रवार तक जहां करीब नौ लाख 60 हजार एमटी धान की आवक हो चुकी है तो वहीं नौ लाख 29 हजार 361 एमटी धान की खरीद भी की जा चुकी है। शुक्रवार को भी 22839 एमटी धान की खरीद की गई। वहीं उठान में भी तेजी आई है और 80 फीसदी उठान किया जा चुका है। ब्रह्मसरोवर के आसपास भी लगाई अस्थायी अनाज मंडियों से भी उठान तेजी से किया जा रहा है, जिससे अब पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलने लगी है। जिले की अनाज मंडियों में गत दिवस तक जिले की मंडियों में नौ लाख छह हजार मीट्रिक टन धान की खरीद सरकारी व निजी एजेंसियों द्वारा की गई थी इसमें से सात लाख चार हजार मीट्रिक टन धान की उठान का कार्य किया गया था। उपायुक्त ने बताया कि जिले में 22 मंडियां हैं, जिनमें यह खरीद का कार्य चल रहा है। उधर खरीद की जा चुकी धान के चलते शुक्रवार तक 1702 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।