कुरुक्षेत्र। जिले में एसआईआर के दौरान करीब एक लाख छह हजार 454 मतदाताओं का पता नहीं चल सका है। एन्यूमरेशन फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 24 जुलाई थी। अब इन मतदाताओं के नाम सूची से हटने तय माने जा रहे हैं।
चुनाव आयोग ने पहले फार्म जमा करने की तारीख 14 जुलाई तय की थी। तब 115,502 मतदाताओं के फार्म नहीं मिल पाए थे। आयोग ने यह समय 24 जुलाई तक बढ़ाया। जिले के 810 बीएलओ ने 9048 मतदाताओं की तलाश की। हालांकि, एक लाख छह हजार 454 मतदाता अभी भी लापता हैं। इन मतदाताओं को विशेष आवेदन कर नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है। जिले में कुल 783,831 मतदाता हैं, जिन्हें चार विधानसभाओं और 810 बूथों में बांटा गया है।
विधानसभावार स्थिति
सबसे अधिक 46,262 गायब मतदाता थानेसर विधानसभा क्षेत्र के हैं। शाहाबाद में सबसे कम 18,157 मतदाता लापता हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के विधानसभा क्षेत्र में 18,521 मतदाताओं का पता नहीं चला है। पिहोवा में 23,312 मतदाताओं के नाम सूची से हट सकते हैं। 31 जुलाई को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होगी, जिसमें कमियां 30 अगस्त तक दुरुस्त करवाई जा सकेंगी। अंतिम सूची 3 अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी।