अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 में पहली बार महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी से युवा पीढ़ी को देश के महान लोगों और समाज सुधारकों के जीवन संघर्ष को जानने का मौका मिलेगा। इस प्रदर्शनी से युवा पीढ़ी को प्रेरणा भी मिलेगी। उपायुक्त मुकुल कुमार वीरवार को देर सायं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सभागार में समाजसेवी संस्थाओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त मुकुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुभव मेहता, अंडर ट्रेनिंग आईएएस जया शारदा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से प्रोफेसर एआर चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 में महापुरुषों और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2021 में इस बार विभिन्न महापुरुषों एवं समाज सुधारकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में किए गए जन चेतना के कार्यों के आधार पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, ताकि महोत्सव के दौरान आने वाले लोगों को उनसे प्रेरणा मिल सके। इस बैठक में आर्य समाज, हरियाणा योग आयोग, रविदास सभा, महर्षि वाल्मीकि सभा, सिख संगत आदि संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।