कुरुक्षेत्र। जिला सचिवालय में मंगलवार को लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। इसमें 11 में से छह मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। शेष पांच मामलों के लिए कमेटियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में कड़ा रुख दिखाते हुए प्रदेश के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव के ही राजेश शर्मा की शिकायत पर कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितता के आरोपों के बीच निलंबन के 12 दिन बाद ही बहाल किए गए द किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी के मैनेजर को फिर से निलंबित करने के निर्देश दिए।
इस मामले में वीरेंद्र सिंह को गत 27 मई को ही निलंबित किया गया था, जिन्हें नौ जून को जांच के बीच ही बहाल कर दिया गया था। इस पर शिकायतकर्ता ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में आपत्ति जताई तो कैबिनेट मंत्री ने कड़ा रुख दिखाते हुए यह भी कहा कि जब तक पूरे मामले की जांच नहीं हो जाती तब तक बहाल न किया जाए। वहीं भर्ती में अनियमितता व हटाए कर्मियों के काम पर ही होने के आरोपों की भी जांच के आदेश दिए। आरोप है कि जिन कर्मियों की भर्ती की गई थी उनमें समिति के प्रधान के अलावा एक सदस्य का भतीजा व अन्य युवक भी शामिल है।
कॉलोनाइजर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने के मंत्री ने दिए निर्देश
कैबिनेट मंत्री ने अंसल सुशांत सिटी के रेजीडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन प्रधान ईश्वर सिंह की शिकायत पर कॉलोनाइजर के खिलाफ केस दर्ज करने और हर मद की विस्तृत रूप से जांच के निर्देश दिए। एसडीएम अमन कुमार द्वारा कमेटी की जांच के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद कहा कि कॉलोनाइजर की काफी कमियां और खामियां सामने आई हैं, जिस कारण से कॉलोनी के नागरिकों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। ऐसे कॉलोनाइजर के खिलाफ जल्दी केस दर्ज किया जाए और हर मद की विस्तार से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग विभाग के डायरेक्टर को लिखित में कॉलोनी के कामों की सिफारिश की जाएगी। इसके अलावा एचएसवीपी और जनस्वास्थ्य विभाग कमेटी बनाकर कॉलोनी के नागरिकों को पानी व निकासी की सुविधा जल्द से जल्द मुहैया करवाएं। रिपोर्ट के आधार पर कॉलोनी में 14 करोड़ रुपये के कार्यों को डीटीपी मुख्यालय भेजने के भी निर्देश दिए। बैठक में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा और शाहाबाद विधायक रामकरण बैठक में मौजूद रहे।
निलंबित दो इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
कैबिनेट मंत्री ने महावीर कॉलोनी लाडवा निवासी सोनू नारंग की शिकायत पर खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के निलंबित दो इंस्पेक्टरों को जल्द से जल्द ही पुलिस गिरफ्तार करे। दोनों इंस्पेक्टरों की हाईकोर्ट से बेल रिजेक्ट हो चुकी है।
पार्क में खोले गए दरवाजे-खिड़की किए जाए बंद
कैबिनेट मंत्री ने वेलफेयर सोसायटी की शिकायत और एसडीएम शंभू राठी की कमेटी जांच की रिपोर्ट के आधार पर निर्देश देते हुए कहा कि हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-एक शाहाबाद के पार्क में अवैध तरीके से खोले गए गेट व खिड़की को तुरंत बंद करवाया जाए। जहां पर लेंटर डला हुआ है, उसको तुड़वाया जाए।
हटाई जाएं घर के ऊपर के बिजली के तार
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने परशुराम कॉलोनी निवासी राजदेव कुमार की शिकायत पर बिजली विभाग के साथ उपायुक्त को मौका का मुआयना करने के निर्देश दिए। शिकायत में मकान के ऊपर से गुजर रही 33 केवी लाइन को प्रदेश सरकार की योजना के तहत शिफ्ट किए जाने की गुहार लगाई है।