संवाद न्यूज एजेंसी
पिपली । पिपली के मुख्य चौक पर प्रशासन के आदेशों को नजर अंदाज किया जा रहा है। यही कारण है कि चौक पर फिर से अतिक्रमण बढ़ना शुरू हो गया। अनेक निजी बसों के चालक चौक के दोनों ओर बसें खड़ीं कर देते हैं, जिससे जाम के हालात बने रहते हैं। देखा देखी में परिवहन विभाग की बसें भी चौक पर अब रुकने लगी हैं। हालांकि कई महीने पहले चौक के दोनों ओर कैमरे लगाए गए थे, चौक पर खड़ी होने वाली निजी और सरकारी बसों के साथ-साथ निजी वाहनों के भी चालान किए जाते थे।
वहीं पिपली चौक के चारों ओर रेहड़ी वालों ने कब्जा जमाया हुआ है, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। दो जुलाई को अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने पिपली चौक का निरीक्षण कर रेहड़ियों और खड़े ऑटो को हटवाया था। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए रेहहिड़यों, बसों और टैक्सियों को न लगने आदेश दिए थे लेकिन फिर से चौक के चारों ओर अतिक्रमण शुरू हो रहा है।
यात्री सूचना एवं सुविधा केंद्र के प्रबंधक गुरदयाल सिंह ने बताया कि यात्री सूचना एवं सुविधा केंद्र के परिसर प्रतिदिन काफी संख्या में यात्री आते हैं, जो कि केंद्र के बाहर खड़े वाहनों को लेकर चर्चा करते हैं। केंद्र के बाहर लगी रेहड़ी और ऑटो की वजह से परिसर की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है।
रेडक्रॉस के सदस्य गुरप्रीत ने कहा कि अतिक्रमण की वजह से पिपली चौक पर जाम लगा रहता है, जिसके कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है और हादसा होने का भय भी बना रहता है। प्रशासन व पुलिस प्रशासन को इसकी और विशेष ध्यान देना चाहिए।
मिशन सुरक्षा परिषद हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष लखमी चंद पुनिया ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण पिपली चौक पर जाम लगता है। बड़े अधिकारी और नेताओं का अक्सर धर्मनगरी में आना-जाना लगा रहता है, लेकिन चौक पर अतिक्रमण और बने गड्डे किसी को दिखाई नहीं देते।
पिपली के पूर्व सरपंच वीरेंद्र तलवार ने कहा कि पिपली चौक पर लगे कैमरे बंद पड़े है लेकिन चौक पर अतिक्रमण का बढ़ना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। सड़कों की स्थिति ऐसी बनी हुई है कि जैसे इस क्षेत्र में कोई रहता ही न हो। लाडवा रोड के साथ-साथ पिपली चौक पर गड्ढे बने हुए हैं।
फिर से की जाएगी कार्रवाई : रामकरण
यातायात प्रभारी रामकरण निरीक्षक ने कहा की पिपली चौक पर लगी हुई रेहड़ियों को पहले भी हटाया गया था और अब फिर से दोबारा कार्रवाई की जाएगी।
15 वाहनों के किए चालान : संजीव
ऑनलाइन चालान कैमरा कंट्रोलर संजीव के मुताबिक खबर लिखे जाने तक चौक पर खड़े 15 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी चौक पर वाहन खड़ा न करे, वरना चालान किया जाएगा।
पिपली। पिपली चौक पर किया गया अतिक्रमण।