धुराला गांव में खेत में बिजली के खंभे लगाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक किसान ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। किसान का आरोप है कि उसके आधा एकड़ खेत में पहले से ही बिजली के चार खंभे लगे हुए हैं और अब बिजली विभाग तीन और खंभे लगाने की तैयारी कर रहा है। किसान का कहना है कि इससे खेत में फसल उगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचेगी।
विज्ञापन
किसान के अनुसार, वह बिजली विभाग की इस कार्रवाई का लगातार विरोध कर रहा था और इस मामले को लेकर अदालत में केस भी दायर कर रखा है। आरोप है कि इसके बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी पुलिस के साथ खेत में खंभे लगाने पहुंचे।
विरोध के बीच उठाया आत्मघाती कदम
किसान ने खेत में खंभे लगाने का विरोध किया, लेकिन जब उसकी बात नहीं सुनी गई तो उसने खुद को आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर स्थिति गंभीर हो गई। किसान ने बिजली विभाग पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, मामले में बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन कुछ भी कहने से बच रहा है ।