अंबाला। केंद्रीय परिषद संबंधित एचएसईबी वर्कर यूनियन द्वारा एसीएस पावर बिजली विभाग को दिए गए नोटिस के अनुसार ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में मंगलवार को पूरे हरियाणा प्रदेश में सर्कल स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया गया। यूनियन के आह्वान पर चरणबद्ध तरीके से चल रहे विरोध प्रदर्शन का आज तीसरा चरण था। इसके तहत कर्मचारियों की लंबित मांगो और ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में यूनियन पदाधिकारियों द्वारा ज्ञापन पत्र अधीक्षक अभियंता को दिया गया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्कल सचिव अंबाला सतबीर देसवाल और मंच का संचालन पूर्व में सर्कल सचिव राज कुमार ने किया। इस दौरान सतबीर देसवाल ने कहा कि पूरे अंबाला सर्कल में सब यूनिट और यूनिट स्तर पर सफलता पूर्वक विरोध प्रदर्शन के लिए सर्कल का प्रत्येक कर्मचारी बधाई का पात्र है।
लेकिन अभी संघर्ष खत्म नहीं हुआ है, जब तक ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी रद्द नहीं की जाती और कर्मचारियों की लंबित मांगो का समाधान नहीं किया जाता, यूनियन का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।