कुरुक्षेत्र। कुवि का द्रोणाचार्य द्वार।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा द्वारा विश्वविद्यालय अधिनियम एवं संविधि, 1986 की धारा 11 (पांच) के अंतर्गत अकादमिक परिषद के अनुमोदन की प्रत्याशा तथा समिति की संस्तुतियों के आधार पर ऐसे अभ्यर्थियों को स्पेशल मर्सी चांस का मौका दिया है, जिनके यूजी, पीजी सेमेस्टर, वार्षिक परीक्षाओं सहित प्रोफेशनल, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट के री-अपीयर एवं इंप्रूवमेंट के सभी चांस समाप्त हो चुके हैं। वे अब स्पेशल मर्सी चांस का लाभ उठाकर 14 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 1990-1991 से 2004-2005 के दौरान नामांकित विद्यार्थी 30 हजार रुपये अतिरिक्त फीस व सामान्य परीक्षा शुल्क, विलंब शुल्क के साथ दिसंबर, जनवरी तथा मई-जून में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए आवेदन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2005-2006 से 2014-2015 के दौरान नामांकित विद्यार्थी 25 हजार रुपये अतिरिक्त फीस व सामान्य परीक्षा शुल्क, विलंब शुल्क के साथ दिसम्बर जनवरी 2025 तथा मई-जून 2025 के महीने में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं शैक्षणिक सत्र 2015-2016 के बाद के दौरान नामांकित विद्यार्थी 20 हजार रुपये अतिरिक्त फीस, सामान्य परीक्षा शुल्क तथा विलंब शुल्क भरकर दिसंबर, जनवरी 2025 और मई-जून 2025 की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मई-जून 2025 में आयोजित होने वाली इवन सेमेस्टर की वार्षिक परीक्षाओं के फार्म प्राप्त करने का कार्यक्रम परीक्षा शाखा द्वारा बाद में अधिसूचित किया जा सकता है। पुराने छात्र संबंधित शाखा में पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं है। ऐसे उम्मीदवार विशेष अवसर का दावा करने के हकदार नहीं होंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि इस विशेष मर्सी चांस की परीक्षाएं पाठ्यक्रम के वर्तमान पाठ्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
लॉगिन आईडी में ही मिलेगा रोल नंबर
डॉ. अंकेश्वर ने बताया कि स्पेशल मर्सी चांस परीक्षाओं में शामिल होने के इच्छुक छात्र ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल के माध्यम से अपने संबंधित अंतिम उपस्थित कॉलेजों, विभागों और संस्थानों में परीक्षा पोर्टल पर दिखाई देने वाली प्रारंभिक लागू फीस के साथ ऑनलाइन परीक्षा फार्म के माध्यम से आवेदन करेंगे। छात्रों की पात्रता की जांच करने के बाद, शेष शुल्क, यदि कोई हो, छात्र लॉगिन के साथ-साथ कॉलेज लॉगिन में प्रदर्शित किया जाएगा, जिसका भुगतान संबंधित कॉलेजों, विभागों और संस्थानों द्वारा केवल ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल के माध्यम से विश्वविद्यालय को किया जाएगा। वहीं पूरी परीक्षा शुल्क भरने के बाद ही पात्र अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड-सह-रोल नंबर लॉगिन आईडी में ही उपलब्ध होगी।