हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं के दूसरे दिन सेंटर सुपरिटेडेंट व बोर्ड फ्लाइंग की टीम ने दो युवकों को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते दबोचे, लेकिन दोनों युवक मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। टीम ने दोनों विद्यार्थियों के प्रश्नपत्र को सील बंद (यूएमसी) कर कार्रवाई के लिये भेज दिया है। दोनों ही मामले जनता सीनियर सेकेंडरी स्कूल के है। इस स्कूल को ओपन की परीक्षा के लिये परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ये जानकारी जनता स्कूल के सेंटर सुपरिटेडेंट सुरेंद्र सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि नकल रहित परीक्षा के लिये बोर्ड की ओर छह फ्लाइंग काम रही है। बुधवार को 10वीं कक्षा की सामाजिक विषय की परीक्षा थी। नकल रहित परीक्षा करवाने के मकसद वह परीक्षा केंद्र हर कमरे में जाकर जांच कर रहे थे। इसी दौरान वह कमरा नंबर एक में पहुंचे और जांच करने लगे। तभी एक युवक पर उनकी नजर पड़ी तो वह घबरा गया। शक होने उन्होंने उक्त युवक के प्रश्नपत्र व आईडी की जांच की, जिसमें वह किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुये पकड़ा गया। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि वह अपने छोटे भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इसी दौरान वह मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि दूसरा मामला कमरा नंबर चार का है। बोर्ड की फ्लाइंग टीम ने जांच के दौरान एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देेते हुये पकड़ लिया। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों की प्रश्नपत्र को सील कर कार्रवाई के लिये भेज दिया है।
61 परीक्षा केंद्र किये गये स्थापित
जिला परीक्षा कंट्रोलर बलवान सिंह ने बताया कि 10वीं की परीक्षा के लिये जिले भर में 61 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। इन में से 9 परीक्षा केंद्र ओपन के लिये स्थापित किये गये थे। नकल रहित परीक्षा के लिये जिले भर में छह फ्लाइंग टीम काम कर रही है।