कुरुक्षेत्र। झांसा क्षेत्र में भाई दूज के दिन सड़क हादसे में सुभाष चंद (50) की जान चली गई जबकि उनका बड़ा भाई ओम प्रकाश (63) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा झांसा-शांति नगर (कुरड़ी) के बीच निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार वर्ना कार ने स्कूटी सवार दोनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी।
पिहोवा के वार्ड-सात निवासी ओम प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री हैं और अपने छोटे भाई सुभाष के साथ अंबाला के शाहपुरा गांव में अपनी बहन के घर भाई दूज मनाने जा रहे थे। सुभाष स्कूटी चला रहे थे जबकि ओम प्रकाश पीछे बैठे थे। दोपहर करीब दो बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। ओम प्रकाश की बाईं टांग टूट गई और उनके सिर, बाजू व शरीर पर गंभीर चोटें आईं जबकि सुभाष बेहोश हो गए।
कार चालक ने कुछ देर गाड़ी रोकी लेकिन फिर मौके से भाग गया। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झांसा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुभाष ने दम तोड़ दिया जबकि ओम प्रकाश का उपचार जारी है। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।