नई अनाज मंडी थानेसर में धान के सीजन में मजदूरी करने बिहार से एक दिन पहले लौटे 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की शनाख्त बिहार के जिला सुपौल, राधे नगर निवासी शंभू शाह पुत्र ननछेदी शाह के रूप में हुई है। मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके पश्चात कुरुक्षेत्र में ही अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि शंभू शाह अन्य मजदूरों के साथ रविवार को ही थानेसर नई अनाज मंडी में मजदूरी करने के लिए आया था। रात के समय शंभू का छोटा भाई आढ़त की दुकान की छत पर सो गया, जबकि शंभू दुकान नंबर 135 बी के सामने खाट पर सो रहा था।
देर रात कोई अज्ञात वाहन आया और शंभू को कुचल दिया, जिसके कारण शंभू की मौत हो गई। तड़के साढ़े पांच बजे शंभू के छोटे भाई सुरेश कुमार को इसकी भनक लगी तो दंग रह गये। अफरा-तरफरी में आढ़ती भीम सिंह और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। अभी तक भी आरोपी का पता नहीं चल सका। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आढ़ती भीम सिंह ने बताया कि शंभू और उसका भाई सुरेश कुमार पिछले करीब आठ वर्ष से उनकी दुकान पर हर सीजन मजदूरी करने के लिए आते हैं। वे आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और पुलिस से भी सहयोग की अपील कर रहे हैं, ताकि लापरवाह वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।