संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर तट पर 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में एक साथ एक लाख साधक योग कर गिनीज बुक का रिकॉर्ड कायम करेंगे। यह कार्यक्रम एक जन आंदोलन का रूप धारण कर चुका है और इस आंदोलन से प्रदेश को योग युक्त नशा मुक्ति हरियाणा बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
योग दिवस के बाद रोजाना योग साधक योग, प्राणायाम और आसान करते हुए अपने स्वास्थ्य को बनाए रखेंगे। उक्त बातें योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहीं। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय की नई बिल्डिंग के सभागार में सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पतंजलि योगपीठ की तरफ से 47 गांव में योग शिविर का प्रोटोकॉल अभ्यास शुरू करवा दिया गया है। 10 जून तक जिले के सभी 400 गांव में योग शिविर शुरू हो जाएंगे। सभी गांव से करीब 40 हजार से ज्यादा योग साधक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेने वाले योग साधकों का नि:शुल्क पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही नि:शुल्क टी-शर्ट और योग मेट उपलब्ध करवाया जाएगा। योग साधक को ब्रह्म सरोवर व मेला ग्राउंड में पहुंचने के लिए वाहन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा अनुशासित कार्यक्रम करने के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
योग महोत्सव को बनाएं जन आंदोलन : नेहा : उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को पूरा किया जा रहा है। सभी प्रशासनिक विभागों के अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने जिम्मेदारियां को बखूबी निभा रहे हैं। जिले में केवल अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव पर एक ही कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसलिए जिले से सभी योग साधक कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लें।