माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। मुलाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कांग्रेस से लोकसभा सांसद वरुण चौधरी से खिलाफत करने के मामले में सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं को परिवार का सदस्य बताया है। उनका कहना है कि कोई भी उनका कार्यकर्ता उनसे नाराज नहीं है और न ही किसी ने खिलाफत की है। जो बैठक हुई थी उसमें जिलाध्यक्ष पद के दावेदार थे। उनसे बात कर उन्हें समझा दिया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं के साथ ही कांग्रेस चलती है। उन्होंने कहा कि इसीलिए उन्होंने अभी तक इस मामले पर किसी प्रकार का बयान नहीं साझा किया है, क्योंकि जब सभी परिवार के सदस्य हैं तो उनसे बात कर मामले को सुलझा लिया जाएगा। वहीं कांग्रेस ग्रामीण के जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान ने भी सोमवार को यही बात कही थी।
कार्यकर्ताओं ने निकाली थी भड़ास
मुलाना में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेस्ट हाउस में एक बैठक की थी, जिसमें सांसद वरुण चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की गई थी, इसमें वह सदस्य थे जाे उनके काफी करीबी हैं। ब्लॉक प्रधान करण राणा, लक्ष्मण दास, रामपाल गुर्जर, लवनीश, शुभम जैन, रामबीर, रजनीश चौहान, जय सिंह आदि ने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया था। करण राणा ने यह तक कह दिया था कि उन्होंने कांग्रेस को क्षेत्र में मजबूत करने के लिए दिनरात काम किया, मगर उन्हें उपेक्षा मिली। यहां तक कि कार्यकर्ताओं ने सांसद पर फोन न उठाने व न मिलने के आरोप भी जड़े थे।