कुरुक्षेत्र। जिले की सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में खाली सीटों पर दाखिले के लिए नया मौका दिया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। इच्छुक अभ्यर्थी रिक्त सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। दाखिला नए और पहले किए गए आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर संस्थान स्तर पर होगा। इस प्रक्रिया में कोई आरक्षण लागू नहीं होगा। अभ्यर्थी 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक प्रतिदिन अपना मेरिट कार्ड संबंधित आईटीआई में जमा करा सकते हैं। नोडल अधिकारी जगमोहन सिंह ने बताया कि दाखिले के समय मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। संस्थान में मौके पर दाखिला फीस ऑनलाइन जमा कराने की व्यवस्था भी होगी। विभाग ने युवाओं से समय सीमा में दाखिला प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।