कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर स्थित श्री दक्षिणमुखी प्राचीन हनुमान मंदिर देश ही नहीं, बल्कि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का केंद्र है। इस मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के चलते 30 अक्तूबर को हनुमान जी को 56 तरह का भोग लगाया जाएगा। इसके लिए मंदिर की ओर से तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। हनुमान जन्मोत्सव के दिन काफी संख्या में श्रद्धालु सवामनी लड्डुओं का भोग लगाने के लिए मंदिर में पहुंचते हैं। इस मंदिर में मन्नत पूरी होने पर सवा मनी लड्डू चढ़ाए जाने की परंपरा काफी पुरानी हैं, जिसे मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु निभाते हैं।
विदेशी भी मंदिर की कार्यशैली के कायल
श्री दक्षिणमुखी प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शनों के लिए विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर में जरूरतमंदों की सहायता के लिए चलाए जा रहे भंडारे की सराहना विदेशी भी कर चुके हैं, जिसके चलते वे अपने विचार मंदिर की विजिटर बुक में भी दर्ज कर चुके है। हालांकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मंदिर की बेहतर कार्यशैली को लेकर अपने विचार विजिटर बुक में दर्ज करवा चुके हैं।
लगाया जाएगा भोग : प्रेम कुमार
पंडित प्रेम कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार हनुमान जयंती 30 अक्तूबर को मनाई जाएगी। इसके लिए मंदिर में तैयारियां की जा रही हैं। हनुमान जयंती के दिन हनुमान जी को 56 तरह का भोग लगाया जाएगा और लड्डुओं की सवामनी भी अर्पित की जाएगी। हालांकि सबसे पहले सुबह आठ बजे हनुमान जी का शृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 10 बजे सुंदर कांड का पाठ और दोपहर 12 बजे 56 प्रकार का भोग हनुमान जी को लगाया जाएगा। साथ ही भंडारे का आयोजन भी होगा।