कुरुक्षेत्र। भारतीय महिला हॉकी टीम की सेंटर फारवर्ड खिलाड़ी एवं ओलंपियन नवनीत कौर को जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए महिला यूथ आइकॉन बनाया गया है। महिला खिलाड़ी कुरुक्षेत्र लोकसभा के नागरिकों को 25 मई के दिन अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी। ओलंपियन नवनीत कौर ने युवाओं से आह्वान किया है कि राष्ट्र की मजबूती और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रणाली से अपने मत का प्रयोग जरूर करना चाहिए। इन लोकसभा चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में 25 मई को मतदान होगा। इसलिए कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदाता, खासकर युवा मतदाता अपने-अपने बूथ पर जाकर अपने मत का प्रयोग जरूर करें। 25 मई को बिना किसी डर और लालच के मतदान केंद्रों पर जाकर अपना मतदान करें और मतदान अपने निजी हितों को न देखते हुए एक अच्छे, ईमानदार और अपने क्षेत्र के विकास करने वाले उम्मीदवार को ही करें। युवा पीढ़ी को खासकर आगे आकर अपने अच्छे भविष्य के लिए वोट जरूर करना चाहिए। संवाद