कुरुक्षेत्र। केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र सेवा केंद्र की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालय आलमपुर में जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशा से मुक्ति के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को नशा से मुक्ति के लिए शपथ दिलाई गई।
बीके मीनाक्षी बहन ने कहा कि बुरी आदतें, लड़ाई-झगड़ा, नशा करने जैसी बुराइयों से हम आज भी आजाद नहीं हुए हैं। आज हमारे अंदर ही दुश्मन बैठा हुआ है, जिसे बाहर निकलने का हम सब प्रयत्न करेंगे। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी भारत में रामराज्य चाहते थे। क्या हम रामराज्य स्थापित कर पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भारत विश्व गुरु बनेगा, मगर उसके लिए हमें समाज में फैली बुराइयों को खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि हम सब युवा मिल कर देश को बुलंदियों पर ले जा सकते हैं। सिगरेट, शराब, गांजा, अफीम, चरस आदि अनेक नशीले पदार्थों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि नशा करके बल्कि अपनी दुर्गति कर रहा है। आज मानव खांसी, अस्थमा, कैंसर आदि अनेक बीमारियों का शिकार हो रहा है। नशे जैसी बुरी लत मनुष्य का घर तक बिकवा देती है, रुपया न मिलने पर चोरी और लड़ाई-झगड़ा करते हैं। अंत में बच्चों को शपथ दिलवाते हुए उन्होंने कहा कि आप ही स्कूल और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इस मौके पर मुख्य अध्यापक राजपाल शर्मा भी मौजूद रहे।