कुरुक्षेत्र। शहर में बरसाती पानी की निकासी को लेकर नगर परिषद के अधिकारी सभी प्रबंध समय रहते पूरा करना सुनिश्चित करेंगे। इस बरसाती सीजन में पानी की निकासी से संबंधित कोई समस्या सामने नहीं आनी चाहिए। इसलिए अधिकारी प्रत्येक वार्ड में जाकर प्रबंधों का आंकलन करके एक रिपोर्ट तैयार करें। इस मामले में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। ये निर्देश विधायक सुभाष सुधा ने दिए।
विधायक सुधा मंगलवार को सर्किट हाउस में शहर के विकास कार्यों और बरसाती पानी की निकासी के प्रबंधों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा शहर के सभी वार्डों से आए समाजसेवी लोगों से बातचीत की और विकास कार्यों के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी को लेकर फीडबैक ली और विस्तार से चर्चा भी की। विधायक ने कहा कि कई बार लोगों को तेज बरसात के समय पानी की निकासी की समस्या से कहीं-कहीं पर जूझना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शहर और गांव की सड़कों के लिए पहले से ही 36 करोड़ रुपए की राशि पहले ही मंजूर की जा चुकी है। इस राशि से लगभग 20 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर नप ईओ देवेंद्र नरवाल, एक्सईन जनस्वास्थ्य विभाग दिनेश गाबा, एक्सईन नप सुरेंद्र कुमार, एमई संदीप कुमार, मोहन लाल, विश्वकांत शर्मा, दुष्यंत बख्शी, विशाल शर्मा, नितिन लाली सहित अन्य समाज सेवी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।