मेन बाजार में सड़क बनने के बाद दुकानों के सामने गिराए गए मलबे को नगर परिषद ने उठवा दिया है। इससे एक तरफ जहां रास्ते की रुकावट दूर हुई है, वहीं परेशान दुकानदारों के अलावा ग्राहकों तथा आम राहगीरों ने मलबे की सफाई के बाद अब राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि सड़क निर्माण के बाद मेन बाजार में दुकानों के आगे ही मलबे के ढेर लगा दिए गए थे, जिससे दुकानदारों तथा ग्राहकों को शॉप तक पहुंचने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। वहीं इसका प्रभाव दुकानदारों, व्यापारियों के रोजगार पर भी पड़ रहा था। ठेकेदार तथा नगर परिषद के अधिकारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही को अमर उजाला ने - मेन बाजार में सड़क बना मलबा उठाना भूल गया प्रशासन, शीर्षक के तहत 6 फरवरी के अंक में प्रकाशित किया था।
इसके बाद नप प्रशासन हरकत में आया और मलबे की सफाई के ठेकेदार तथा लेबर को निर्देश दिए गए। इन निर्देशों के बाद बाजार की सड़क से मलबा उठाने का कार्य शुरू किया गया और स्थिति ये है कि भारी-भरकम सीमेंटेड मलबे को नप वाहनों के माध्यम से उठा लिया गया है। मेन बाजार के दुकानदार प्रवीण कुमार, अमनदीप सिंह, दयानंद शर्मा तथा ब्लॉक समिति सदस्य करतार चंद ने मलबे की सफाई होने के बाद खुशी जताई और अमर उजाला का थैंक्स बोला। सभी का कहना है कि मेन बाजार में मलबे की समस्या इस समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद दूर हुई है।
उठा दिया है बाजार से मलबा : सेनेटरी इंस्पेक्टर
नगर परिषद (नप) के सेनेटरी इंस्पेक्टर कर्मचंद ने बताया कि मेन बाजार में पड़ा मलबा उठाने के लिए ठेकेदार तथा नप की लेबर को निर्देश दिए गए थे। इसके बाद यहां से मलबा ट्राली में लोड करके दूर स्थान पर गिरा दिया गया है। अब बाजार में मलबे संबंधी कोई समस्या नहीं रहेगी और यदि कहीं कोई दिक्कत आती भी है तो जानकारी मिलने पर तुरंत कर्मी भेजकर सफाई करा दी जाएगी।