कुरुक्षेत्र। एसजीपीसी अमृतसर का क्षेत्रीय आफिस ब्रह्म सरोवर के निकट नहीं, बल्कि कुरुक्षेत्र में जीटी रोड पर बनेगा। एसजीपीसी इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च करेगी और इसका परिसर करीब तीन से पांच एकड़ भूमि पर स्थापित होगा।
अमर उजाला को फोन पर यह जानकारी एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क ने दी। उन्होंने बताया कि 20-30 दिन के भीतर जीटी रोड पर जगह फाइनल हो जाएगी, जिसके तुरंत बाद एसजीपीसी के क्षेत्रीय आफिस का निर्माण कार्य शुरू होगा।
बता दें कि इससे पहले कुरुक्षेत्र में यह क्षेत्रीय आफिस ब्रह्मसरोवर के निकट स्थित पहली पातशाही गुरुद्वारे के समक्ष बनाने की योजना थी और 12 अक्तूबर 2010 को इस क्षेत्रीय आफिस का शिलान्यास बाकायदा बड़े समारोह के रूप में एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ एवं दूसरे पदाधिकारियों और कमेटी के मेंबरों की मौजूदगी में हो चुका है।
हरियाणा के सिख शिलान्यास के बाद से ही क्षेत्रीय आफिस खुलने के इंतजार में थे, क्योंकि क्षेत्रीय आफिस का सबसे बड़ा फायदा उन मुद्दों हल कराने और अहम योजनाओं अमलीजामा पहनाए जाने के लिए होना, जोकि अब से पहले अमृतसर में होते हैं।
जाहिर है कि देश-दुनिया में बसे सिखों के लिए एसजीपीसी अमृतसर सर्वमान्य संस्था है। एसजीपीसी के हाथों में ही हरियाणा और दूसरे राज्यों के ऐतिहासिक गुरुद्वारों का प्रबंधन और व्यवस्था का जिम्मा है। ऐसे में एसजीपीसी अमृतसर का धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में क्षेत्रीय आफिस बनाने जाने की योजना हरियाणा के लिए बेहतर माना जा रहा है।
वहीं शिलान्यास के चार साल बाद भी इस क्षेत्रीय आफिस का निर्माण न होना एसजीपीसी की योजनाओं पर अंगुली उठाने का काम कर रहा है। हरियाणा में कुल 26 ऐतिहासिक गुरुद्वारें हैं, इनमें से आठ ऐतिहासिक गुरुद्वारों का प्रबंधन सीधे एसजीपीसी अमृतसर के हाथों में है, जबकि अन्य 18 गुरुद्वारों का प्रबंधन एसजीपीसी द्वारा गठित लोकल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के हाथों में है।
वर्ष 2006 में एसजीपीसी ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में जिस क्षेत्रीय आफिस को बनाने की घोषणा की थी, उसका पत्थर चार साल बाद 2010 में लगा था।
अब एक बार फिर चार साल हो चुके हैं और एसजीपीसी अमृतसर के उस क्षेत्रीय आफिस की योजना शिफ्ट होने जा रही है, जिसका चार साल पहले शिलान्यास हो चुका है। बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर यह दफ्तर बनाए जाने के लिए शिलान्यास हुआ था, वह कानूनी विवाद के चलते बदलने के की योजना पर मुहर लग चुकी है।
इसके लिए अब जीटी रोड पर यह क्षेत्रीय आफिस बनाने की योजना है।
करीब तीन से पांच एकड़ में बनने वाले एसजीपीसी के क्षेत्रीय आफिस के लिए कमेटी के प्रतिनिधि दिल्ली-अमृतसर जीटी रोड चार साइटें देख चुके हैं, इनमें से एक साइट को फाइनल करके निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। जगह फाइनल करने की रूपरेखा गोपनीय ढंग से हो रही है, जिससे कि इसमें विरोधी धड़ा (एचएसजीपीसी) भूमि की खरीद-फरोख्त में कोई अड़चन न डाल सके।
हरियाणा में क्षेत्रीय आफिस बनाए जाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद से कुरुक्षेत्र के छठी पातशाही गुरुद्वारा के साथ स्थित हरियाणा सिख मिशन के भवन में क्षेत्रीय आफिस का कार्यभार एसजीपीसी अमृतसर के सचिव परमजीत सिंह सरोहा (पटियाला) देख रहे हैं।
1. गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी, कुरुक्षेत्र
2. गुरुद्वारा साहिब पातशाही 10वीं नाडा साहिब, पंचकूला
3. गुरुद्वारा साहिब पातशाही पहली और दसवीं कपाल मोचन, यमुनानगर
4. गुरुद्वारा साहिब पातशाही 8वीं पंजोखरा साहिब, अंबाला
5. गुरुद्वारा मंजी साहिब, अंबाला शहर
6. गुरुद्वारा साहिब पातशाही 6वीं और 9वीं, चीका
7. गुरुद्वारा साहिब पातशाही 9वीं, धमतान साहिब
8. गुरुद्वारा साहिब पातशाही 9वीं, जींद