कुरुक्षेत्र। जिला सचिवालय में अब किसी भी कार्यालय को ढूंढने के लिए मशक्कत नहीं करनी पडेगी। इसके लिए कोई भी व्यक्ति बार कोड को स्कैन कर संबंधित विभाग में सहजता से पहुंच सकेगा और किसी व्यक्ति से पूछताछ करने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला के प्रयासों से एक पोर्टल केकेआरअफिस.कॉम तैयार किया गया है। इस पोर्टल के लिए बार कोड भी बनाया गया है।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय से इस पोर्टल को लांच कर दिया है। उपायुक्त ने कहा कि लघु सचिवालय के अब तीन प्रशासनिक ब्लॉक बन चुके हैं और इन सभी प्रशासनिक ब्लॉक में लगभग सभी विभागों के कार्यालय बन चुके हैं। इन प्रशासनिक ब्लॉक में संबंधित विभाग में पहुंचने के लिए आम नागरिक को सचिवालय में आने के बाद किसी ना किसी व्यक्ति या कर्मचारी से विभाग का पता पूछना पड़ता था। प्रशासन की तरफ से अलग-अलग तलों पर कार्यालयों के रूम नंबर के साथ साइनिंग बोर्ड भी लगाए हुए थे, लेकिन कार्यालयों की संख्या ज्यादा होने के कारण लोगों को कार्यालय को ढूंढने में दिक्कत आ रही थी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए एनआईसी विभाग के अधिकारियों को नया पोर्टल तैयार करने के आदेश दिए गए थे। इन आदेशों के बाद एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला और उनकी टीम द्वारा केकेआरआफिस.कॉम पोर्टल तैयार किया है और इस पोर्टल के लिए बार कोड भी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि बार कोड को लघु सचिवालय के तीनों प्रशासनिक ब्लॉक, लिफ्ट सहित 25 जगहों पर चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला ने कहा कि इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए व्यक्ति को पोर्टल को ओपन करने के बाद विभागों की सूची सामने आएगी। इस सूची में जाकर व्यक्ति को जिस विभाग में जाना है उस विभाग के नाम को क्लिक करना होगा।