पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों तक चंद मिनटों में पहुंचने के लिए अब पंचकूला में डायल 100 पुलिस सेल का गठन किया जाएगा। इस सेल के साथ प्रदेश के प्रत्येक जिले को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस 600 नए वाहन खरीदे जाएंगे। इस सेल के साथ फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहतक मामले को देखते हुए और अपराधियों को शीघ्र जेल भेजने के लिए अब पुलिस की ओर से एक माह में चालान पेश किया जाएगा और तीन माह में ट्रायल की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
डीजीपी रविवार को देर शाम पुलिस लाइन में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले डीजीपी और एसपी अभिषेक गर्ग ने भद्रकाली मंदिर व छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर पूजा-अर्चना भी की है। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा, महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने और शांति बनाए रखने के लक्ष्य को जेहन में रखते हुए राज्य सरकार शीघ्र पंचकूला में डायल 100 पुलिस सेल का कंट्रोल रूम स्थापित करने का जा रही है। इस नंबर पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। इस शिकायत के तुरंत बाद जिलों में कंट्रोल रूम के साथ जुड़ा पुलिस सेल अपराधियों तक पहुंचेगा।
मित्र कक्ष स्थापित किए जाएंगे
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के लिए और लोगों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रदेश के 300 थानों में मित्र कक्ष स्थापित किए जाएंगे। सभी मित्र कक्ष पुलिस थानों से अलग जगह पर स्थापित किए जाएंगे। इन मित्र कक्षों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जुलाई माह से इस ऑपरेशन दुर्गा को गांव स्तर पर चलाया जाएगा। अब तक प्रदेश के शहरों में 120 जगहों की पहचान की गई है जहां पर महिलाओं के साथ छेड़खानी होती है।
एक माह में चालान और तीन माह में ट्रायल पूरी होगी
उन्होंने कहा कि रोहतक मामले को देखते हुए और अपराधियों को शीघ्र जेल भेजने के लिए अब पुलिस की ओर से एक माह में चालान पेश किया जाएगा और तीन माह में ट्रायल की कार्रवाई पूरी की जाएगी। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए एक एसआईटी की गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने के लिए जुलाई माह में कम उम्र के बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
7 हजार पुलिस और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की होगी भर्ती
डीजीपी ने माना कि प्रदेश में पुलिस फोर्स की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए 5 हजार पुलिस कर्मियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। 7 हजार नए पुलिस कर्मियों की भर्ती शुरू की जा रही है। इसके अलावा चतुर्थ कर्मियों की भर्ती में शीघ्र की जाएगी। प्रदेश में 40 पुलिस स्टेशन किराये की इमारत में चल रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 3 हजार नए घर बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत कुरुक्षेत्र में भी नए घर बनाने का प्रस्ताव है और शाहाबाद व महिला पुलिस स्टेशन में नए घर बनाए जा चुके हैं। इतना ही नहीं प्रदेश के सभी महिला थानों पर नजर रखी जा रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, डीएसपी राज सिंह, डीएसपी नूपुर बिश्नोई, डीएसपी धीरज, डीएसपी जगदीश, पुलिस निरीक्षक राम कुमार आदि मौजूद रहे।