कुरुक्षेत्र। लॉकडाउन के चलते लोग राशन के लिए भटकने को मजबूर हो रहे हैं। विशेषकर सबसे ज्यादा परेशानी प्रवासी लोगों को उठानी पड़ रही है। जिलेेेभर में प्रवासी लोगों की एक बड़ी तादाद हर रोज राशन के लिए भटक रही है। हालांकि कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं ऐसे लोगों को भोजन व राशन बांटने का काम भी कर रही हैं। इसके बावजूद कई लोग भोजन व राशन की किल्लत के चलते अपने गृह क्षेत्र में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। शनिवार को खेलमंत्री संदीप सिंह ने किसान विश्राम गृह में अधिकारियों को प्रवासी लोगों को राशन उपलब्ध कराने संबंधी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना वायरस से बचाव संबंधी फिडबैक भी हासिल की। खेलमंत्री संदीप सिंह ने बताया कि किसी प्रवासी को राशन संबंधी परेशानी नहीं आने दी जाएगी बल्कि उनको घर पर ही खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय प्रशासन टीम बनाकर जरूरतमंदो को राशन डोर टू डोर राशन वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि बीपीएल कार्ड के आधार पर नहीं, बल्कि जरूरत के आधार पर उनकी पहचान करके उन तक राशन पहुंचाना जाएगा। दानी सज्जन किसान रेस्ट हाउस में खाद्य सामग्री पहुंचाएं। यहां से एक सिस्टम बनाकर इस सामग्री को सरकारी कर्मचारियों और टीमों के जरिए जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यह निर्णय लिया गया है कि सारा राशन एसडीएम, तहसीलदार और नगरपालिका सचिव की देखरेख में एक जगह पर एकत्रित किया जाए और यहां से सूची बनाकर इसे प्रत्येक जगह पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए ताकि समान रूप से सभी जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके। पिहोवा, शाहबाद, लाडवा समेत क्षेत्र के लोगों तक भोजन और जरूरी सामान पहुंचाने की व्यवस्था कर दी गई है। इस मौके पर एसडीएम सोनू राम, तहसीलदार चेतना चौधरी, पालिका सचिव अंकुश पराशर, बीडीपीओ नरेंद्र, बिक्रमजीत सिंह, विकास राणा, अक्षय नंदा, गुरमेहर विर्क, गुरप्रीत कंबोज, प्रीतम सिंह मल्ली, जोगिंद्र सिंह बेदी सहित अन्य मौजूद रहे।
डेरों को सैनिटाइज करवाएं सरपंच
खेलमंत्री ने सरपंचों से अपील करते हुए कहा कि अपने गांवों को सैनिटाइज करने के बाद आसपास के डेरों की तरफ भी ध्यान दें। उनकी सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी भी पंचायतों और सरकार की है। जिन पंचायतों को छिड़काव के लिए दवा हासिल करने में कोई दिक्कत आ रही है वे अपने खंड के बीडीपीओ से संपर्क करके उनके जरिए दवा प्राप्त कर सकते हैं। बचाव कार्य के लिए उन्होंने अपने स्तर पर निजी टीमों का गठन भी किया है। खेल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी लोगों की सेवा में तैनात किया गया है।
आइसोलेशन वार्ड का लिया जायजा
खेलमंत्री संदीप सिंह ने सरकारी अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पताल के अलावा सरस्वती मिशन अस्पताल, संत बाबा ईशर सिंह चैरिटेबल अस्पताल में भी आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों को भी सूची में रखा गया है। यदि जरूरत पड़ी तो यहां भी सरकार व्यवस्था कर सकती है। खेल मंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से बात करके जिला कुरुक्षेत्र के अस्पतालों द्वारा मांगी गई सेवाओं की सूची उन तक पहुंचा दी है।
370 लोगों को किया आइसोलेट
संदीप सिंह ने बताया कि पिहोवा में 464 लोगों की जानकारी उपलब्ध हुई है जो विदेशों से यहां पहुंचे हैं। उनमें से 370 को ट्रेस करके उनके घरों पर ही आइसोलेट किया गया है। शेष को भी घरों पर रहने की सलाह दी गई है। यदि कोई व्यक्ति सरकार के आदेशों को मानने में आनाकानी करता है तो प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पुलिस की मदद लेकर नियमों की पालना सुनिश्चित करें।
जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया राशन
खेल मंत्री संदीप सिंह ने टिब्बा फार्म पर झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों में राशन और खाद्य सामग्री के बैग वितरित किए। उन्होंने कहा कि वे अपनी बचत राशि से जल्द ही 250 परिवारों के लिए खाद्य सामग्री के बैग यहां पहुंचाएंगे। खेल मंत्री ने ब्यास धर्मशाला में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से भिजवाए जा रहे पके हुए भोजन के पैकेट का वितरण भी जरूरतमंद लोगों में किया। स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर एच एस बिंद्रा, विशांक गुप्ता, अंकित गर्ग व तरलोचन आदि ने बताया कि बैंक द्वारा प्रतिदिन 100 जरूरतमंद लोगों तक भोजन के पैकेट पहुंचाने की तैयारी की गई है। जब तक लॉक डाउन रहेगा, बैंक का यह प्रयास जारी रहेगा। उधर, शिव शिक्षा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एमडी सोहन लाल मित्तल व राजीव मित्तल ने दस हजार रुपये की सहायता का ड्राफ्ट प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराया।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारत खाद्य सामग्री का रेट दाम (रुपये प्रति किलो में)
हरी दाल 100 से 110
-तूर दाल 90 से 100
-मूंग दाल साबूत 100 से 105
-मूंग दाल धूली हुई 115 से 120
-उडद दाल धूली हुई 110 से 115
-उडद दाल 95 से 105
-मश्री दाल 70 से 80
-चना दाल 65 से 75
-चीनी 35 से 39
-चावल परमल 30 से 35
-चावल सरबती 40 से 42
-आटा 25 से 27
-रिफाइंड ऑयल 90 से 100
- नमक 18 रुपये प्रति किलो
-हल्दी 140 से 160
-मिर्च 200 से 240
-जीरा 200 से 220
-राजमा 90 से 115
-काला छोले 55 से 65
-बेसन 70 से 80
-मैदा 25 से 27
-सरसो का तेल 95 से 105