फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: अब ब्रेल मैप से मिलेगी हर रेलवे स्टेशन की जानकारी, दृष्टिहीन लोगों को मिलेगी राहत

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। रेलवे स्टेशनों पर अब टिकट काउंटर से लेकर रेलवे अधिकारियों के कार्यालय व अन्य सुविधाओं की जानकारी ब्रेल मैप के जरिए मिलेगी। इसके लिए हर रेलवे स्टेशन पर ब्रेल मैप लगाए जा रहे हैं, जिसके साथ हर कार्यालय व सुविधा स्थल पर भी ब्रेल सूचना पट्ट भी होंगे। इससे दृष्टिहीन लोगों को बड़ा फायदा होगा और किसी की सहायता लेने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन पर भी यह सुविधा शुरू की गई है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।
विज्ञापन

स्टेशन पर जहां टिकट बुकिंग हॉल में ही अत्याधुनिक ब्रेल मैप लगाए गए हैं तो वहीं स्टेशन मास्टर से लेकर स्टेशन अधीक्षक, वेटिंग रूम, शौचालय, सीढि़यां व लिफ्ट पर भी ब्रेल सूचना पट्ट लगाए गए हैं, जिन पर हाथ रखते ही दृष्टिहीन व्यक्ति को संबंधित कार्यालय व सुविधा स्थल का पता चल जाएगा। ब्रेल मैप पर पूरे स्टेशन के बारे में जानकारी दी गई है, जिसमें सभी कार्यालयों के विवरण के साथ-साथ रेलवे प्लेटफार्म व टिकट घर तथा अन्य सभी सुविधाओं की जानकारी शामिल की गई है। इस मैप के सहारे दृष्टिहीन व्यक्ति आसानी से टिकट बुकिंग काउंटर से लेकर संबंधित कार्यालय व ट्रेन में सवार होने के लिए प्लेटफार्म तक जा सकेगा।

क्योस्क ने की टिकट पाने की राह आसान
रेलवे स्टेशन पर दो स्मार्ट कार्ड बेसड टिकटिंग क्योस्क भी स्थापित की गई है, जिससे यात्रियों की टिकट पाने की राह आसान हो गई है। इससे उन्हें अब लाइन में लगने के झंझट से मुक्ति मिल गई है तो वहीं समय बर्बाद होने से भी बचने लगा है। रेलवे की ओर से इन क्योस्क पर विभाग से ही सेवानिवृत कर्मी को तैनात किया है।
विज्ञापन


दृष्टिहीन लोगों को अब सहारे की जरूरत नहीं : विनोद
रेलवे विभाग के वाणिज्यिक निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद दृष्टिहीन लोगों को अब किसी सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्टेशन पर वे अपनी इच्छानुसार इस मैप के जरिए सुविधा ले सकेंगे। दो ब्रेल मैप स्थापित किए गए हैं तो वहीं हर कार्यालय व सुविधा स्थल पर ब्रेल सूचना पट्ट लगा दिए गए हैं। प्रदेश के हर स्टेशन पर दृष्टिहीन लोगों को यह सुविधा प्रदान की जा रही है। कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें