नगर परिषद थानेसर में सफाई कर्मी भी बायोमेट्रिक हाजिरी लगाऐंगे। इसके लिए बायोमेट्रिक हाजिरी मशीन नगर पालिका भेज भी दी गई है। नप कार्यालय में मशीन पर भी ट्रायल बेस पर हाजिरी लगाई जा रही है। यह ट्रायल यदि सफल होता है, तो कुछ दिनों बाद नप में तैनात सभी सफाई कर्मी बायोमेट्रिक हाजिरी लगाएंगे।
इस मशीन की खासियत यह है कि यह अन्य बायोमेट्रिक मशीनों की भांति दीवार पर नहीं लगती, बल्कि इसे बैग में डालकर आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। इस मशीन का लाभ सफाई कर्मियों के साथ नप अधिकारियों को भी मिलेगा। पहले कई बार शिकायत आ चुकी है कि सफाई कर्मी काम पर नहीं आते और रजिस्टर में हाजिरी लगा देते हैं।
इस बाबत नप अधिकारी सैनेटरी इंस्पेक्टर कर्मचंद ने बताया कि अभी यह कार्य ट्रायल पर है। ट्रायल पास हो जाने पर पांच मशीनें और मंगवाई जाएंगी। इसमें सभी 418 सफाईकर्मियों का डाटा एकत्रित किया जाएगा। माह के अंतिम दिन मशीन को कंप्यूटर से जोड़कर सारा डाटा निकाल लिया जाएगा और कर्मचारियों की सैलरी बना दी जाएगी।