कुरुक्षेत्र। बैठक में चर्चा करते पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा। विज्ञप्ति
- फोटो : credit
कुरुक्षेत्र। आने वाले समय में शहर और स्वच्छ दिखाई देने लगेगा, इसके लिए नगर परिषद टेंडर के जरिये 100 और कर्मचारी नियुक्त कर रही है। एक सप्ताह में ही यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यही नहीं दीवाली के मौके पर शहर को लाइटिंग और रंग-बिरंगी लड़ियों से भी सजाया जाएगा।
वीरवार को पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शहर की स्वच्छता व सुंदरता के लिए विस्तार से चर्चा की गई। सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र सीएम सिटी व पर्यटन स्थली होने के कारण यहां आए दिन वीवीआईपी व अन्य गणमान्य लोगों का तो आना-जाना लगा ही रहता है।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र लगातार पूरी ईमानदारी और लगन के साथ अपना काम कर रहे हैं लेकिन एरिया और जनसंख्या बढ़ने और कर्मचारियों की कमी से उन पर भी काम का ज्यादा दबाव रहता है। इसी समस्या को देखते हुए और आने वाले दिनों में त्योहारी सीजन व गीता जयंती के चलते अब 100 सफाई कर्मचारी ओर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी सहित अन्य सफाई उपकरणों की भी व्यवस्था की जाएगी।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि त्योहारी सीजन पर शहर को और अच्छा लुक देने के लिए शहर में लाइटिंग और रंग-बिरंगी लड़ियां भी लगाई जाएंगी जिससे शहर की सुंदरता में चार चांद लग जाएंगे। शहर में सभी चौक-चौराहों को महाभारत की थीम पर सजाया जाएगा, ताकि पर्यटकों को यह एहसास हो कि हम गीता की भूमि पर आए हैं। शहर की सड़कों की रिपेयरिंग व कई नई सड़कें भी बनाई जाएंगी।
कुरुक्षेत्र। बैठक में चर्चा करते पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा। विज्ञप्ति- फोटो : credit