कुरुक्षेत्र। 12वीं की परीक्षा परिणाम में कम नंबर आने से परेशान खानपुर गांव के छात्र का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। उसकी बाइक और चप्पल नहर के पास बरामद होने से पुलिस और परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसने नहर में छलांग लगा दी होगी। मंगलवार को पूरे दिन परिजनों ने गोताखोर की मदद से नहर में उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका है।
घटनाक्रम के अनुसार खानपुर गांव निवासी विनय (17) एचबीएसई के जारी 12वीं कक्षा के परिणाम में कम नंबर आने से परेशान था। इसी के चलते वह सोमवार शाम को घर से लापता हो गया था। विनय की बाइक मिर्जापुर में नरवाना ब्रांच नहर के पास से बरामद हुई। वहीं उसकी चप्पल नहर में किरमिच साइफन में पड़ी मिली। परिजन और पुलिस आशंका जता रहे हैं कि शायद कम नंबर आने के कारण विनय नहर में कूद गया होगा। उसके परिजन नहर पर पहरा लगाकर बैठे हैं।
वहीं मंगलवार को गोताखोर प्रगट सिंह ने अपनी टीम के साथ नहर में सर्च अभियान चलाया। देर शाम तक विनय का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। उससे पहले विनय के परिजनों ने उसे समझाया भी था, मगर उसके बाद वह बाइक पर घर से चला गया था, वहीं पुलिस भी विनय की तलाश कर रही है, मगर पुलिस के हाथ भी अभी तक खाली है।
राहगीरों ने गोताखोरों को दी सूचना
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि राहगीरों से उनको सूचना दी गई थी कि नरवाना ब्रांच नहर में किसी की चप्पल बह रही है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। उसके बाद गोताखोर और पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, मगर विनय का कोई सुराग नहीं मिला।