कुरुक्षेत्र। सेक्टर-10 के इमिग्रेशन सेंटर पर बुधवार को दिनदहाड़े बाइक पर आए बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हुए आरोपियों का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। हालांकि इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर दिखाई दी और शहर में जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। वारदात स्थल के आसपास भी नाकेबंदी कर पुलिस दिनभर वाहनों की जांच करती रही। उधर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले तो कई जगहों पर दबिश भी दी लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया। सीआईए टू इंचार्ज मोहन लाल का कहना है कि आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। बता दें कि गत दिवस पांच राउंड फायरिंग के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। फायरिंग में सेंटर के गेट पर लगा टफन ग्लास चकनाचूर हो गया। इस हमले में सेंटर कर्मी की बाजू में कांच के टुकड़े लग गए थे। उधर, वारदात के बाद सेंटर संचालक को धमकी भरा मैसेज आया। हमले की जिम्मेदारी काका राणा गैंग ने ली। अब पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच में जुटी है। संवाद
नशीला पदार्थ रखने के दो आरोपी गिरफ्तार
शाहाबाद। एंटी नारकोटिक सैल पुलिस ने नशीला पदार्थ रखने के आरोप में लवलेश उर्फ मोन्टी व लवकेश उर्फ वासी सत्यानगर को गिरफ्तार करके उसके कब्जा से 43 हेरोइन बरामद की है। पुलिस की टीम ने नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोपी करण शर्मा उर्फ मोनू पंडित वासी शेखो वाला मोहल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 23 अक्तूबर को टीम बराड़ा चौक पर थी। सूचना मिली कि उक्त आरोपी हेरोइन/स्मैक बेचने का काम करते हैं। जो आज भी करण शर्मा उर्फ मोनू पंडित के घर पर रुके हुए हैं। टीम ने तभी उक्त दोनों आरोपियों को काबू कर लिया तो तलाशी के दौरान नशीला पदार्थ भी मिला। वहीं आरोपी मोनू पंडित को भी गिरफ्त में लिया गया। संवाद