कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र अपने 62 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। संस्थान में 20 दिसंबर को प्रथम ग्लोबल एलुमिनाई डे का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश से करीब 500 पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है। इनमें प्रशासन, उद्योग, शिक्षा, तकनीक, पुलिस सेवा और कॉरपोरेट जगत से जुड़े अनेक विशिष्ट पूर्व छात्र और अतिथि शिरकत करेंगे। खेल मैदान में होने वाले कार्यक्रम के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सिविल सेवकों आईएएस वीएम बंसल, आईएएस विजय मोहन जैन, आईएएस अंकुर गुप्ता और आईएएस अमरनाथ, पूर्व पंजाब पुलिस महानिदेशक ईश्वर सिंह और सेवानिवृत्त इंजीनियर-इन-चीफ विजय गुप्ता ने भी अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है, जो इस आयोजन की गरिमा और महत्व को रेखांकित करता है। इसके साथ डॉ. केएन एस कांग, हरिंदर सलवान, वंदना सेठ, कल्याणजीत हतिबरुआह, शरद सिंघल (डीआईजी) और अरुण गुप्ता (आईएएस) सहित अन्य प्रतिष्ठित पूर्व छात्र शामिल होंगे।
एनआईटी के एलुमिनाई एंडोमेंट बोर्ड एवं कार्यकारी बोर्ड के सदस्य डॉ. रोजर कुमार ने बताया कि यह पहल पूर्व छात्रों, शिक्षकों और छात्रों को एक साझा मंच पर जोड़ने की व्यापक परिकल्पना का हिस्सा है। पूर्व छात्र सहभागिता को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से संस्थान की ओर से ई-मैगजीन, एलुमिनाई न्यूजलेटर, एलुमिनाई-छात्र संयुक्त पोर्टल, पूर्व छात्रों के नेतृत्व में मेंटरशिप कार्यक्रम और पूर्व छात्रों की ओर से संचालित तकनीकी सत्रों जैसी कई नई पहलों की शुरुआत की जाएगी। इनका उद्देश्य छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाना, उन्हें उद्योग के लिए तैयार करना और भारत की प्रतिभा पारिस्थितिकी को सुदृढ़ करना है।
15 हजार पूर्व छात्र वर्तमान में एल्युमिनी सेल के माध्यम से जुड़े
एनआईटी कुरुक्षेत्र के निदेशक प्रो. बीवी रमना रेड्डी ने कहा कि ग्लोबल एलुमिनाई डे संस्थान के इतिहास में पहली पहल है। इसके माध्यम से संस्थान प्रगति करेगा। इस आयोजन को यादगार और संस्थान के लिए एक मील का पत्थर बनाने के लिए विशेष समितियों का गठन किया गया है। संस्थान की स्थापना से अब तक 40 हजार से अधिक छात्र एनआईटी कुरुक्षेत्र से स्नातक हो चुके हैं जिनमें से करीब 15 हजार पूर्व छात्र वर्तमान में एल्युमिनी सेल के माध्यम से जुड़े हुए हैं। शेष पूर्व छात्रों को भी जोड़ने और वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
छात्रों की ओर से विकसित वेबसाइट का भी किया जाएगा शुभारंभ
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा अग्रवाल ने कहा कि पूर्व छात्रों और वर्तमान छात्रों के बीच सार्थक संवाद से छात्रों के आत्मविश्वास, कॅरिअर स्पष्टता और व्यावसायिक अनुभव में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। पूर्व छात्रों की उपस्थिति छात्रों को लक्ष्य निर्धारित करने और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर एनआईटी के छात्रों की ओर से विकसित एक समर्पित वेबसाइट का भी शुभारंभ किया जाएगा जिसका उद्देश्य पूर्व छात्रों, छात्रों और संस्थान प्रशासन के बीच संवाद और सहयोग को सुदृढ़ करना है।
कुरुक्षेत्र। डॉ. प्रतिभा अग्रवाल।