केंद्र सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. आर चिदंबरम ने कहा कि देश की सभी एनआईटी के विद्यार्थियों का विज्ञान और तकनीकी के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। इन विद्यार्थियों की ओर से नए उत्पादों की खोज ने देश को आत्मनिर्भर एवं स्वाभिमानी बनाया है। डॉ.चिदंबरम वीरवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र के तकनीकी एवं प्रबंधकीय वार्षिक महोत्सव ‘टेक्स्पर्धा 17’ के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
संस्थान के जुबली हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में चिदंबरम ने एनआईटी के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमताओं को देश निर्माण में लगाएं। चार दिनों तक चलने वाले इस तकनीकी महोत्सव के उद्घाटन समारोह में ब्रह्मोस अनुसंधान तथा विकास के मुख्य नियंत्रक और ब्रह्मोस एरोस्पेस के सीईओ एवं एमडी डॉ. सुधीर मिश्रा, डॉ. एसके वासुदेवा (वैज्ञानिक सलाहकार, पीएसए) और टी. चितिलाप्पील्ली (प्रोजेक्ट निदेशक, एयर ब्रेटहिंग प्रोपल्शन प्रोजेक्ट, वीएसएससी इसरो)ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. सतीश कुमार ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. आर चिदंबरम कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सुधीर मिश्रा ने मिसाइल टेक्नोलॉजी के इतिहास, विकास एवं उसके आधुनिकीकरण पर चल-चित्र के माध्यम से प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित टी. चितिलाप्पील्ली ने अलग-अलग प्रकार के इंजनों और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने इस दिशा में किए गए शोध कार्यों पर तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत किया।
संस्थान के निदेशक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि टेक्स्पर्धा अलग-अलग जगहों से आए हुए विद्यार्थियों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान, शोध पत्र पढ़ने और नए-नए मॉडल्स के डिजाइन को सांझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि की ओर से टेक्स्पर्धा-17 पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
आयोजन समिति टेक्स्पर्धा 17 की अध्यक्ष प्रो. लिली दिवान ने अतिथियों का स्वागत किया, साथ ही उन्होंने बताया कि इस उत्सव के अंतर्गत 100 से अधिक तकनीकी एवं प्रबंधकीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रो. जयदीप गुप्ता ने अतिथियों और आयोजन समिति के छात्र सदस्यों का धन्यवाद किया। उद्घाटन समारोह के बाद संस्थान के पुस्तकालय में आयोजित प्रदर्शनियों की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं संस्थान के निदेशक ने किया। इसके बाद एक रोबोट ने नृत्य प्रस्तुत किया।