इस्माईलाबाद। कार्यभार संभालने के बाद समर्थकों के साथ चर्चा करती नवनिर्वाचित चेयरमैन मेघा बंसल।
इस्माईलाबाद। पंचकूला में मंगलवार को शपथ लेने के अगले ही दिन नवनिर्वाचित चेयरपर्सन मेघा बंसल ने बुधवार को नगरपालिका कार्यालय में पदभार संभाल लिया है। यहां पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया, जिस दौरान कई समर्थक मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद मेघा बंसल ने कहा कि शहर की जनता ने जो जिम्मेदारी उसे सौंपी है उस पर खरा उतरना ही एक मात्र लक्ष्य है। उनकी प्राथमिकता शहर में अधूरे पड़े कामों को जल्द से जल्द पूरा करने की रहेगी। उन्होंने कहा कि काम बीच में रुकने से आम जनता को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती है।
ऐसे में शहर की जनता को राहत देने के लिए पहले अधूरे पड़े कार्यों को वे खुद खड़े होकर पूरा करने काम करेंगी। शरह का सुंदरीकरण कराने पर उनका पूरा जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर वासियों को नगर पालिका से एनडीसी लेने में जो समस्या आ रही है। उसे जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा और शहरवासियों की किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नगरपालिका की पहली बजट बैठक रखी गई है, जिसमें शहर के सुंदरीकरण के लिए सभी के विचार लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार कार्य कर शहर को एक नया रूप दिया जाएगा।
उन्होंने तंगीपुर गांव में काठगढ़ रोड से सरकारी स्कूल तक की मुख्य गली तथा ठसका रोड पर एबीसीडी खेल अकादमी से हाईवे 152 तक गली निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा शहर में बारिश के पानी व गंदे पानी निकासी के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे ताकि आगामी बारिश के सीजन में शहर की जनता को दिक्कत न हो। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष चिरंजीव गर्ग, उपचेयरमैन रेशम सिंह थिंद, नगरपालिका जेई दयानंद शर्मा, जितेंद्र पपनेजा, दीपक सिंगला सहित अन्य मौजूद रहे।