अंबाला सिटी। नवगठित वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-10 की प्रथम बैठक बुधवार को हुई। प्रधान कमल सिंगला के नेतृत्व में सेक्टर के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा पर कई निर्णय लिए गए। एसोसिएशन के सह सचिव वेद प्रकाश कौशिक ने बताया कि सेक्टर की उन्नति के लिए चार-चार सदस्यों की दो विशेष कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटियां हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और सेक्टर-10 के पार्कों के रखरखाव व सौंदर्यीकरण का जिम्मा संभालेंगी।
प्रधान कमल सिंगला ने निवासियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जल्द नए सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बैठक में बिजली की मेंटेनेंस, सड़कों के किनारे सफाई और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने पर सहमति बनी। जिन घरों में अब तक टेलीफोन डायरेक्टरी नहीं पहुंची है, वहां जल्द डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। सभी सदस्यों ने एकमत से आपसी भाईचारे के साथ सेक्टर के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। संवाद