फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिरकार हो गई लाडवा नपा के चेयरपर्सन चुनाव की मतगणना

Wed, 03 Aug 2016 12:33 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरूक्षेत्र
विज्ञापन
पांव छुकर आशीर्वाद देती साक्षी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
नगर पालिका चुनाव में विधायक और सांसद के वोट डालने के विरोध में हाईकोर्ट तक गए मामले के बीच लाडवा नगरपालिका प्रधान और उपप्रधान चुनाव की मतगणना मंगलवार को कुरुक्षेत्र में हो गई। मतगणना के बाद भाजपा समर्थित साक्षी खुराना के जीत के दावे किए गए। औपचारिक परिणामों के आधार पर साक्षी खुराना ने जीत का जश्न भी मना लिया है और समर्थन करने वालों का आभार भी जता दिया है। हालांकि परिणामों की अधिकृत घोषणा बुधवार को हाईकोर्ट में ही होगी।
विज्ञापन

लाडवा नगरपालिका प्रधान व उपप्रधान पद के लिए मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारी एडीसी राजेश जोगपाल की मौजूदगी में मतगणना करवाई गई। मामला हाईकोर्ट में होने के कारण मतगणना के बाद भी परिणाम की अधिकृत घोषणा नहीं की गई। अधिकारियों की मानें तो प्रधान पद के लिए साक्षी खुराना को 8 वोट मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी डॉ. कर्मजीत को सात वोट मिले हैं। इसी तरह उपप्रधान पद के लिए अनिल माटा को 13 वोट मिले हैं जबकि प्रतिद्वंद्वी विजेश शर्मा को दो वोट मिले हैं। बताया जाता है कि इन वोटों में विधायक और सांसद के वोट फिलहाल शामिल नहीं किए गए हैं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद ही यह तय होगा कि वोट शामिल होंगे या नहीं। इसका फैसला बुधवार को हो जाएगा। फैसले के बाद प्रत्याशियों को मिले वोटों में बदलाव हो सकता है।  रिटर्निंग अधिकारी राजेश जोगपाल मतगणना रिपोर्ट बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पेश करेंगे।

मना लिया जीत का जश्न
मतगणना होने के बाद ही साक्षी खुराना और उनके समर्थकों ने जीत का जश्न भी मना लिया है। साक्षी खुराना अपने परिजनों व समर्थकों के साथ विजयी जुलूस के साथ लाडवा पहुंचीं। उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर और पटाखे चलाकर जीत का जश्न मनाया।
विज्ञापन


भाजपा की हुई जीत : पवन सैनी
हलका विधायक पवन सैनी ने दावा किया कि लाडवा नगर पालिका चुनाव में जीत का सेहरा भाजपा के सिर बंधा है। उन्होंने प्रधान पद की जीत को भाजपा की नीतियों की जीत बताते हुए कहा कि लाडवा में विकास कार्यों के लिए धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी।

डाली गई थी याचिका
लाडवा नगरपालिका के प्रधान व उपप्रधान पद के लिए 4 जुलाई को मतदान हुआ था, लेकिन पार्षद सुमित बंसल व पूर्व नपा प्रधान मनदीप सिंह तूर की उच्च न्यायालय में सांसद व विधायक के वोट को लेकर डाली गई याचिका के कारण मतगणना नहीं हुई थी। उच्च न्यायालय ने 28 जुलाई को सुनवाई के बाद तीन अगस्त की तारीख लगाई थी और इससे पहले मतगणना करने के आदेश दिए थे।

आज हाईकोर्ट में पेश करेंगे मतगणना का परिणाम : डीसी
जिला उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने बताया कि मंगवार को लाडवा नपा के प्रधान व उपप्रधान के चुनाव को लेकर मतगणना की गई। इसके परिणाम की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को वे मतगणना व मतदान से संबंधित सभी दस्तावेज उच्च न्यायालय में पेश कर दिए जाएंगे। इसके बाद कोई भी निर्णय उच्च न्यायालय ही देगा।

साक्षी को मिले 10 वोट और कर्मजीत को 7 : एडीसी
एडीसी व रिटर्निंग अधिकारी राजेश जोगपाल का कहना है कि मंगलवार को करवाई गई मतगणना के अनुसार सांसद व विधायक के वोट को मिलाकर प्रधान पद के लिए साक्षी खुराना को 10 वोट मिले हैं जबकि उनकी उनकी विरोधी रही डॉ. कर्मजीत को 7 वोट मिले हैं। उपप्रधान पद के लिए अनिल माटा को 13 व विजेश कुमार को 2 वोट मिले हैं। अधिकारिक तौर पर चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया गया और हाईकोर्ट में पूरा रिकॉर्ड पेश किया जाएगा।

दावा सच हुआ तो बहू करेगी चौधर, सास बजाएगी हुकुम
हाईकोर्ट में बुधवार को मतगणना रिपोर्ट पेश होने के बाद अधिकृत घोषणा भी कोर्ट करेगा। यदि साक्षी का दावा सच हो गया तो ऐसे में रोचक तथ्य भी जुड़ जाएगा। साक्षी खुराना की सास इसी कमेटी में पार्षद के तौर पर शामिल हैं। वह पहले इनेलो के समर्थन से प्रधान भी रह चुकी हैं। दावे के अनुसार, अब बहू नपा में प्रधानी करेगी और सास पार्षद रह कर प्रधान के निर्देश मानेंगी। 31 वर्षीय साक्षी ने स्नातक तक शिक्षा हासिल की है। साक्षी खुराना की सास कौशल्या देवी वार्ड नं 5 से पार्षद बनी हैं। साक्षी खुराना ने अपने जीत का दावा करते हुए मतगणना के बाद सबसे पहले अपनी सास के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। साक्षी खुराना ने प्रधान पद के लिए अपनी जीत का दावा करते हुए बताया कि लाडवा में विकास कार्यों व अन्य समाज सुधार के कार्यों को गति देना चाहती हैं। सरकार के सहयोग वें लाडवा को विकास के मानचित्र पर लाना उनकी प्राथमिकता होगी। क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाएगा।

साक्षी खुराना ने इनेलो नेताओं का जताया आभार
साक्षी खुराना परिजनों के साथ इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व पार्टी नेता व पूर्व विधायक शेर सिंह बडशामी का आशीर्वाद लेने उनके निवास पर गई थीं। इसके बाद उनके इनेलो में शामिल होने की चर्चाएं जोर पकड़ र्गइं। इस बारे में इनेलो के प्रवक्ता राकेश खुराना ने कहा कि साक्षी खुराना भाजपा के निशान पर चुनाव नहीं लड़ी थीं बल्कि उन्हें भाजपा के साथ-साथ इनेलो का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त था। इसलिए महज आभार व्यक्त करने के लिए ही बडशामी और अरोड़ा के निवास पर गई थीं। उधर साक्षी खुराना के परिजनों ने भी कहा कि वे केवल आभार जताने के लिए इनेलो नेताओं से मिले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें