कुरुक्षेत्र। शाहाबाद में 26 वर्षीय मुस्कान की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के परिजनों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों ने दावा किया कि पुलिस राजनीतिक दबाव में कार्रवाई को धीमा कर रही है और ससुराल से बरामद अहम सबूत, डायरी को छिपा रही है।
ट्यूशन टीचर मुस्कान ने 28 नवंबर को अपनी ससुराल हबाना गांव में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिछले साल 8 अक्तूबर को उन्होंने अजय नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। मुस्कान के भाई अब्बास खान ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग के लिए उनकी बहन को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि बरामद डायरी के 36 पन्नों में मुस्कान ने अपने ऊपर हुए अत्याचारों और सुसाइड नोट का जिक्र किया है।
परिवार ने मुस्कान और उसकी बहन के बीच हुई चैट भी दिखाई जिससे पता चलता है कि वह अपनी शादी से नाखुश थी। थाना शाहाबाद प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी पति अजय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस ने घर से डायरी बरामद की है और उसकी लिखावट की जांच की जा रही है।