फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर पर रंगकर्मियों का बवाल

Wed, 07 May 2014 11:47 PM IST
अमर उजाला, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के उप निदेशक और प्रभारी विश्वदीपक त्रिखा को हटाने के बाद बुधवार को रंगकर्मियों ने मैक पर जमकर बवाल मचाया। मौके पर पहुंचे रंगकर्मियों ने वाइस चेयरमैन पर भी आरोप लगाए।
विज्ञापन


रंगकर्मियों ने वाइस चेयरमैन पर सांठगांठ, मुंबई की किसी कंपनी के जरिये कलाकारों को अदायगी करने, तानाशाह रवैया अपनाने, देश की राजनीति के कद्दावर नेताओं का नाम लेकर प्रभाव जमाने, कल्चर सेंटर को एक खास राजनैतिक दल का दफ्तर बनाने, अपने पद का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

इतना ही नहीं वाइस चेयरमैन के दफ्तर में करीब डेढ़ घंटे तक तक जमकर बवाल किया। गुस्साए रंगकर्मियों ने वाइस चेयरमैन पर आरोप लगाया कि वे तानाशाही रवैया अपनाकर हरियाणा के रंगकर्मियों और रंगमंच का अपमान कर रहे हैं।
विज्ञापन


विरोध के दौरान तल्खी यहां तक बढ़ गई कि हरियाणा आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि मोहन रास और एडवाइजर राजीव सान्याल ने वाइस चेयरमैन को 31 मई तक हटाने की मांग कर डाली। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जिस मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर की स्थापना प्रदेश की कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए की थी, खुद सीएम ही मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के चेयरमैन हैं।

ऐसे में अगर मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर ही रंगमंच और रंगकर्मियों का अपमान करता है तो ऐसे मुख्यमंत्री से हरियाणा आर्टिस्ट एसोसिएशन ये उम्मीद करती है कि वे ऐसा करने वालों पर कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि अगर मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के वायस चेयरमैन चंद्र शर्मा के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो एसोसिएशन और हरियाणा अन्य रगंकर्मियों के साथ मिलकर इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर में घपलों का मामला भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि वे आरटीआई लेकर इन सभी घोटालों का पर्दाफाश जल्द करेंगे।

रवि मोहन रास ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष में मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर ने मध्यप्रदेश में हरियाणा नाट्य उत्सव का आयोजन किया था, इस उत्सव में हरियाणा के रंगकर्मियों की जगह दूसरे राज्यों के कलाकारों को बुलाकर भुगतान किया।

रवि मोहन रास के मुताबिक अंबाला के युवा रंगकर्मियों का नाटक संबंध, जिसे मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर ने सात मई को मंचन करने की अनुमति दी थी, उसे अचानक कुछ घंटे पहले रद्द करके वायस चेयरमैन चंद्र शर्मा ने नाटक घुटन का मंचन करने की अनुमति दे दी, इससे अंबाला के कलाकारों का अपमान हुआ है।  

मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के वायस चेयरमैन चंद्र शर्मा ने हरियाणा आर्टिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी रवि मोहन रास और राजीव सान्याल के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनका दर्द वह नहीं है जो वे बयान कर रहे हैं, बल्कि दर्द किसी और बात का है।

वहीं उन्होंने सात मई के नाटक संबंध पर स्पष्ट किया कि उसकी टीम बुधवार को उन्हें मिल चुकी है, उन्हें अगले दिनों में नाटक करने की अनुमति दे दी गई है। पहले क्या हुआ, उन्हें कैसे नाटक करने की मौखिक अनुमति दे दी गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि वे कला और कलाकारों की कद्र करते हैं, भविष्य में भी इस पर उनका फोकस रहेगा।

रंगकर्मियों ने हैरत जताई कि मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर द्वारा जारी शेड्यूल को एक बड़े होर्डिंग बोर्ड के साथ कल्चर सेंटर के गेट पर लगाया है। बावजूद इसके मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर के वाइस चेयरमैन चंद्र शर्मा का कहना है कि उन्हें नाटक की जानकारी नहीं थी।

आज जिन रंगकर्मियों के नाटक का मंचन होना था, वे निराश होकर लौट गए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वे आगे का समय लेने के अलावा कुछ नहीं कर सकते। अंबाला से आए इन कलाकारों का कहना है कि वे दो महीने से नाटक तैयारी में जुटे थे और उन्होंने अपने संपर्क के लोगों को इसकी सूचना भी दे दी थी। नाटक के कुरुक्षेत्र में बोर्ड भी लग चुके थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें