शाहाबाद। वार्ड नंबर-13 की पार्षद नवनीत कौर द्वारा फौजी चौक का नाम बदलकर बाबा दीप सिंह रखने की तीन वर्ष से अधिक समय की पुरानी मांग पर संज्ञान लेते हुए सांसद नवीन जिंदल ने उपायुक्त नेहा सिंह को पत्र लिखा है।
पार्षद नवनीत कौर ने बताया कि वार्ड नंबर 13 में फौजी चौक पर बहुत पुराना व ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह के नाम पर है। ऐसे में शहर व आसपास के गांवों के काफी लोगों की आस्था उस गुरुद्वारे के साथ जुड़ी हुई है। इस विषय को उन्होंने सर्वप्रथम नगरपालिका की हाउस की बैठक में जुलाई-2022 में पास करवाया था। तत्पश्चात नगर पालिका द्वारा नवंबर 2023 को जिला नगर आयुक्त को इस बारे पत्र लिखा गया और जिला नगर आयुक्त ने नवंबर 2023 में ही उपायुक्त को आगामी स्वीकृति हेतु पत्र लिखा, लेकिन तब से लेकर आज तक इस विषय पर कोई खास कार्रवाई नहीं हुई।
नवनीत कौर ने कहा कि फौजी चौक का नाम बदलने के लिए आखिर उन्हें सांसद नवीन जिंदल का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जिसके चलते उन्होंने अभी हाल ही अप्रैल में सांसद को पत्र के माध्यम से इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लेने का आग्रह किया। सांसद जिंदल ने 19 मई को उपायुक्त नेहा सिंह को फौजी चौक का नाम बदल कर बाबा दीप सिंह चौक रखने की बात कही है। अब उन्हें पूरा विश्वास है कि जल्द ही फौजी का नाम बदल कर जनता की पुरानी मांग को पूरा कर दिया जाएगा।